हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत द्वारा नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश पर की गई अभद्र टिप्पणी के बाद कांग्रेसियों में उबाल आ गया है। देर शाम उन्होंने भाजपा अध्यक्ष का पुतला फूंकते हुए बंशीधर भगत मुर्दाबाद के नारे लगाकर अपना आक्रोश जताया।
बताते चलें कि भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत ने भीमताल में एक कार्यक्रम में आज कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश पर अभद्र टिप्पणी कर दी थी। वह धारा प्रवाह बोलते हुए मर्यादा भूलकर कह गए थे कि नेता प्रतिपक्ष कह रही हैं कि बहुत से विधायक मेरे संपर्क में हैं। अरे बुढिय़ा, तुझसे क्यों करेंगे विधायक संपर्क! भगत ने यह भी कहा था कि वैसे भी डूबते जहाज से कौन संपर्क करेगा। उनका इतना कहना था कि कार्यक्रम में मौजूद लोगों के ठहाकों से पूरा पांडाल गूंज उठा था। उनके इस अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी करने पर कांग्रेसजनों में खासा आक्रोश पनप गया है।
शाम होते-होते बुध पार्क में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट हुए और उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया। यही नहीं इस दौरान उन्होंने बंशीधर भगत मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
इस संबंध में यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत प्रिंस कहते हंै कि भारतीय जनता पार्टी का चरित्र आज जगजाहिर हो गया है। भाजपा अध्यक्ष की अभद्र और मर्यादित टिप्पणी से यह भी सिद्ध हो गया है कि उनके नेताओं को महिलाओं के आदर-सत्कार की चिंता नहीं है। यही कारण है कि प्रदेश अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर होने के बावजूद भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता इंदिरा हृदयेश पर इस तरह की टिप्पणी कर दी। कार्यकर्ताओं ने भाजपा अध्यक्ष की इस टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि बंशीधर भगत को सार्वजनिक तौर पर इसके लिए माफी मांगनी होगी।
यह भी पढें : वीडियो : नेता प्रतिपक्ष के लिए यह क्या बोल गए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत!