- बेहतर तरीके से हो पाएगी जांच
- कई राजस्व गाँव अब रेगुलर पुलिस के पास
- पुलिस चौकी माई की मढ़ी का किया जायेगा उच्चीकरण
- 53 नए राजस्व ग्राम भी अब पुलिस क्षेत्र में होंगे सम्मिलित
सत्यपाल नेगी/रुद्रप्रयाग
जिलाधिकारी मनुज गोयल ने पुलिस चौकी माई की मढ़ी उच्चीकृत कर राजस्व क्षेत्रान्तर्गत थाना जखोली सृजित करने का प्रस्ताव तैयार कर पुलिस मुख्यालय को प्रेषित कर दिया गया है।
माई की मढ़ी पुलिस चौकी से जुड़े हुए क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से काफी दूर होने के कारण क्षेत्रीय गतिविधियों की रोकथाम हेतु तथा उनसे संबंधित क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए जाने हेतु थाने का सृजन किया जाना नितांत आवश्यक था। जिसका क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा यह मांग बार-बार की जा रही थी। थाना सृजित होने से जहां एक ओर आपदा संभावित क्षेत्रों में त्वरित गति से कार्य किया जा सकेगा, वहीं दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण दिन प्रतिदिन घटित हो रही आपराधिक गतिविधियों की निगरानी एवं रोकथाम भी की जा सकेगी। नियमित पुलिस थाना होने से संबंधित क्षेत्र की जनता को इसका अधिकाधिक लाभ मिल सकेगा।
जनपद रुद्रप्रयाग भूस्खलन एवं भूकंपीय दृष्टि से भी जोन 5.0 में आता है। जहां मानसून एवं वर्षाकाल में भूस्खलन जैसी आपदा की स्थितियां उत्पन्न हो जाती हैं। इसके दृष्टिगत पुलिस थाना के सृजन से उनके पास अत्याधुनिक उपकरणों, बेतार संचार व्यवस्था के माध्यम से आपदा की जानकारी एवं उनका नियंत्रण करने में सरलता होगी तथा त्वरित गति से उच्चाधिकारियों तक सूचना का प्रेषण हो सकेगा।
उत्पीड़न वादों की होगी बेहतर जांच
जनपद के जखोली थाने के सृजन के बाद कहीं न कहीं इन राजस्व क्षेत्रों में होने वाली घटनाओं की भी बेहतर जाँच हो पाएगी। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र होने के चलते अब नियमित पुलिस के पास इन गाँवों की सुरक्षा होने के बाद स्थिति में बेहतर सुधार होने की पूरी उम्मीद है।
ये गांव होंगे सम्मिलित
लूठियाग, पालाकुराली, लोंगा, देवल, ललुडी, मखेत, जखवाड़ी मल्ली, लिस्वाल्ट्टा, मुनियाघर, खलियाण, जखवाड़़ी तल्ली, लडियासू, श्रीकोट, हरियाली, तड़ियाल, बैनोली, लम्बवाड़, स्यालदुरी, बच्वाड़, जाखड़ी, पाणजूली, सिराई, धानियो, कोटि, महरगांव, घरणा, सकलाना, उरोली एवं उछना।