देहरादून। उत्तराखंड में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है, जिसके बाद प्रदेशभर में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
देहरादून व अन्य जगह में मृत पक्षी पाए गए थे। जिसके बाद उनका सेंपल लिया गया, जिसमें कुछ में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। हालांकि अभी पोल्ट्री फार्मों में कहीं से इस तरह की खबर नहीं है। मामले की संवदेनशीलता को देखते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मृत पक्षी पाए जाने की दशा में उनमें छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की गई है। ऐसी दशा में वन विभाग को सूचित करना होगा। विभागीय कर्मचारी ही ऐसे पक्षियों के सेंपल लेकर उन्हें नियत जगहों पर पहुंचाएंगे। पशुपालन विभाग को बर्ड फ्लू को लेकर दिशा-निर्देश जारी करने को कहा गया है।
प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी ने राज्य में बर्ड फ्लू की पुष्टि की है। इसके अलावा वन मंत्री हरक सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर अलर्ट रहने को कहा है। पोल्ट्री फार्मों में बाहर से आने वाले लोगों के लिए प्रतिबंधित किया गया है। हालांकि पशुपालन विभाग के अनुसार अभी तक प्रदेश में पोल्ट्री फार्म पर बर्ड फ्लू के लक्षण नहीं पाए गए हैं, लेकिन मृत कौवों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हई है। जिसे देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है और अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।