कार्तिक पूर्णिमा : देश के प्रसिद्ध घाटों पर स्नान करने के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, देव दीपावली के साथ गुरु नानक जयंती भी मनाई जा रही
मुख्यधारा डेस्क
आज कार्तिक पूर्णिमा के साथ गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व और देव दीपावली भी है। कार्तिक पूर्णिमा के पवित्र दिन बुधवार तड़के से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पवित्र डुबकी लगा रहे हैं।
अयोध्या, प्रयागराज, रायबरेली, हरिद्वार, और पटना के एनआईटी घाट पर भक्त आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। घाटों पर भक्तों को दान करते हुए भी देखा गया। हरिद्वार के घाटों पर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर स्नान कर रहे हैं।
आज का स्नान हिंदू धर्म में बहुत पवित्र माना जाता है। कहा जाता है कि आज जो भी पवित्र नदियों में स्नान करता है, उसे सौ गुना पुण्य फल की प्राप्ति होती है। कार्तिक पूर्णिमा को सबसे बड़ी पूर्णिमा माना जाता है।
भक्त गंगा जी में स्नान कर दीपदान कर रहे हैं, 365 बत्तियों का दान कर रहे हैं, जिसे पूरे साल के रूप में देखा जाता है। आज के दिन मात्र गंगा जी के दर्शन से पापों से मुक्ति मिलती है। अयोध्या में भक्त गंगा घाटों पर ब्रह्म मुहूर्त से स्नान करने पहुंच रहे हैं।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट है और ज्यादा भीड़ वाली जगहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। ड्रोन से पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है।
घाटों की व्यवस्था पर बात करते हुए अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि भीड़ को देखते हुए घाटों को अलग-अलग जोन में बांट दिया है, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। स्नान के बाद श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिरों में भी जा रहे हैं, वहां पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
वहीं जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि रात से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो चुका है और उनके लिए व्यापक बंदोबस्त भी किए गए हैं।
कंट्रोल रूम सक्रिय है और हर जगह सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। बिहार, रायबरेली और अयोध्या के घाटों पर भी श्रद्धालु पवित्र स्नान करने पहुंच रहे हैं। दान के लिए बाजारों में गुड़ से बने व्यंजन भी बिक रहे हैं। दीपदान करना भी शुभ माना जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा के दिन घर के पास किसी मंदिर पर या घाट पर दीपदान करना चाहिए। ऐसा करने से जीवन के अंधकार से छुटकारा मिलता है। बता दें कि गुरु नानक जयंती को गुरु पर्व और प्रकाश पर्व के नाम से भी जाना जाता है, जो कि सिखों का सबसे खास पर्व है।
गुरु नानक देव की करुणा, सद्भाव और सत्य की शिक्षाएं आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। गुरु नानक जयंती के अवसर पर बुधवार के कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार बंद रहेगा।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई गई जानकारी के अनुसार, इस अवसर पर आज इक्टिविटी, इक्टिविटी डेरिवेटिव और एसएलबी सेगमेंट में ट्रेडिंग बंद रहेगी। इसके अलावा, करेंसी डेरिवेटिव सेगमेंट और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स में भी ट्रेडिंग नहीं होगी।


