Image Image

भराड़ीसैंण में पंचायतों की आवाज बने पुरोला विधायक

Mukhyadhara
IMG 20261031 WA0008
  • भराड़ीसैंण में पंचायतों की आवाज बने पुरोला विधायक
  • प्रधानों के 10 सूत्रीय मांगपत्र को सदन में उठाया, ₹10 लाख तक के कार्य पंचायतों को देने की पैरवी
  • नेटवर्क विहीन गांवों में VB-G RAM G की ऑनलाइन हाजिरी पर भी उठाए सवाल

नीरज उत्तराखंडी

भराड़ीसैंण/पुरोला। उत्तराखंड विधानसभा के अनुपूरक बजट सत्र के दौरान पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने प्रदेश ग्राम प्रधान संगठन की 10 सूत्रीय मांगों को सदन में उठाते हुए पर्वतीय क्षेत्रों की जमीनी परिस्थितियों के अनुरूप पंचायत व्यवस्था में बदलाव की जरूरत बताई। विधायक ने ग्राम प्रधानों के मानदेय को कम बताते हुए इसे बढ़ाने की पैरवी की। साथ ही ग्राम पंचायतों को ₹10 लाख तक के विकास कार्य स्वयं कराने का अधिकार देने की मांग को पंचायत हित में बताया।

IMG 20261031 WA0009

विधायक ने सदन में कहा कि ग्राम प्रधानों का मानदेय बढ़ाने की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। प्रधानों का कहना है कि ग्राम पंचायत स्तर पर जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन उसके अनुरूप मानदेय और अधिकार नहीं बढ़े हैं। वर्ष 2021 में प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रधानों का मानदेय ₹1,500 से बढ़ाकर ₹3,500 प्रतिमाह किया था। इसका भुगतान राज्य वित्त आयोग से पंचायतों को मिलने वाली धनराशि से किए जाने की व्यवस्था की गई थी।

10 लाख तक के काम पंचायतों को देने की पैरवी

प्रधान संगठन की प्रमुख मांगों में ग्राम पंचायतों को ₹10 लाख तक के विकास कार्यों की कार्यदायी संस्था बनाए जाने की मांग शामिल है। विधायक दुर्गेश्वर लाल ने इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि छोटे विकास कार्यों के लिए पंचायतों को अधिक अधिकार मिलने से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिल सकती है।

प्रधान संगठन लंबे समय से पंचायतों को अधिक वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार देने, प्रधान निधि निर्धारित करने और पंचायती राज से जुड़े अधिक विषयों को पंचायतों को हस्तांतरित करने की मांग करता रहा है। संगठन का तर्क है कि गांव के विकास की प्राथमिकताएं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से बेहतर कोई दूसरा नहीं समझ सकता।

नेटवर्क के अभाव में ऑनलाइन हाजिरी पर सवाल

विधायक ने पर्वतीय क्षेत्रों में VB-G RAM G योजना के संचालन में नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या का मुद्दा भी सदन में उठाया। उनका कहना था कि पहाड़ के अनेक गांवों में मोबाइल और इंटरनेट नेटवर्क की स्थिति अभी भी संतोषजनक नहीं है। ऐसे क्षेत्रों में ऑनलाइन उपस्थिति की अनिवार्यता व्यवहारिक समस्या पैदा कर सकती है।

प्रधान संगठन भी नेटवर्क विहीन क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक अथवा ऑफलाइन व्यवस्था की मांग कर रहा है। संगठन का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था के कारण वास्तविक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने में दिक्कतें आ रही हैं।

उत्तराखंड के ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार VB-G RAM G के तहत ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिन के रोजगार की गारंटी का प्रावधान है। योजना में बायोमेट्रिक उपस्थिति और डिजिटल निगरानी व्यवस्था को भी शामिल किया गया है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या का समाधान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सिर्फ मानदेय नहीं, पंचायत अधिकारों का सवाल

प्रधानों की 10 सूत्रीय मांगों का दायरा केवल मानदेय बढ़ाने तक सीमित नहीं है। पंचायतों को अधिक अधिकार, स्थानीय स्तर पर विकास कार्य कराने की स्वतंत्रता, जिला योजना में पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी और ग्रामीण रोजगार योजनाओं के संचालन में पर्वतीय परिस्थितियों के अनुरूप व्यवस्था जैसी मांगें भी इसमें शामिल हैं।

यही कारण है कि भराड़ीसैंण में विधायक द्वारा इन मुद्दों को उठाए जाने को पंचायत व्यवस्था के व्यापक सवाल से जोड़कर देखा जा रहा है। ग्राम पंचायतों को वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने के साथ यदि उनके पास निर्णय और क्रियान्वयन के पर्याप्त अधिकार नहीं होंगे तो विकेंद्रीकरण का उद्देश्य अधूरा रह सकता है।

सरकार ने बनाई चार सदस्यीय समिति

प्रधान संगठन के आंदोलन के बाद शासन ने उसकी 10 सूत्रीय मांगों के परीक्षण के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में पंचायती राज विभाग के सचिव को अध्यक्ष तथा वित्त सचिव, ग्राम्य विकास सचिव और निदेशक पंचायती राज को सदस्य बनाया गया है। समिति को मांगों का बिंदुवार परीक्षण कर अपनी संस्तुति देने की जिम्मेदारी दी गई है।

अब नजर समिति की रिपोर्ट और सरकार के निर्णय पर है। यदि पंचायतों को वास्तविक वित्तीय एवं कार्यदायी अधिकार देने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों की नेटवर्क संबंधी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान किया जाता है तो इसका सीधा असर ग्रामीण विकास और रोजगार पर पड़ सकता है।

सवाल अब सरकार के सामने

भराड़ीसैंण में उठी पंचायतों की आवाज के बाद अब सरकार के सामने कई अहम सवाल हैं। क्या ग्राम प्रधानों के मानदेय में अपेक्षित बढ़ोतरी होगी? क्या ₹10 लाख तक के कार्य पंचायतों को सौंपे जाएंगे? क्या पंचायतों को अधिक वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार मिलेंगे? और क्या नेटवर्क विहीन पर्वतीय गांवों के लिए VB-G RAM G में वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाएगी?

इन सवालों का जवाब समिति की रिपोर्ट और सरकार के आगामी निर्णय से मिलेगा। फिलहाल इतना स्पष्ट है कि पंचायतों की मांग अब केवल प्रधानों के मानदेय का विषय नहीं रही, बल्कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में वास्तविक विकेंद्रीकरण और ग्रामीण विकास की नीति का सवाल बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सत्ता में भाजपा, फिर लोकतंत्र और कानून-व्यवस्था को खतरा किससे? भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ पर मोहित डिमरी का हमला

सत्ता में भाजपा, फिर लोकतंत्र और कानून-व्यवस्था को खतरा किससे? भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ पर मोहित डिमरी का हमला कहा केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार, फिर अराजकता के लिए जिम्मेदार कौन? जनता की बुनियादी समस्याओं से […]
Screenshot 20261101 114957 Gallery

यह भी पढ़े