- विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड को मिली नई कार्यकारिणी, अजय भट्ट निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित
देहरादून/मुख्यधारा
उत्तराखंड में विंटर स्पोर्ट्स को नई दिशा और नई ऊर्जा देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। देहरादून में आयोजित विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की चुनाव प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी एस.एस. पांगती (IAS) की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न हुई।

चुनाव प्रक्रिया में सदस्यों ने आपसी सहमति और विश्वास व्यक्त करते हुए अजय भट्ट को एसोसिएशन का निर्विरोध अध्यक्ष चुना। इसके साथ ही अभिमन्यु पटवाल को सचिव तथा सुशील पंवार को कोषाध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद के लिए एस.पी.एस. रावत एवं विजेंद्र जी का चयन किया गया।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय भट्ट ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं, बल्कि उत्तराखंड में विंटर गेम्स के भविष्य को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन आने वाले समय में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा राज्य में विंटर स्पोर्ट्स के विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक रूप से विंटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं और इन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए एसोसिएशन एक स्पष्ट एवं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान लक्ष्मण मेहता, जे.पी. जोशी, अरविंद ज्याला एवं सतीश बहुखंडी सहित एसोसिएशन के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विंटर गेम्स के विकास में अपना सहयोग जारी रखने का विश्वास दिलाया।
इस अवसर पर विंटर गेम्स एसोसिएशन की ओर से टेनजिंग नॉर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड से सम्मानित एस.पी. चमोली का भी विशेष रूप से अभिनंदन किया गया। एसोसिएशन ने उनकी उपलब्धि और विंटर एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष अजय भट्ट ने चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए निर्वाचन अधिकारी एस.एस. पांगती (IAS), एसोसिएशन के सभी वरिष्ठ सदस्यों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद किया और विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक सहयोग से विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड आने वाले वर्षों में नई उपलब्धियां हासिल करेगी।




