Image

लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर भारत और चीन के बीच शुरू होगी विमान सेवा, दोनों देशों के बीच बनी सहमति

admin
a 1 1

लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर भारत और चीन के बीच शुरू होगी विमान सेवा, दोनों देशों के बीच बनी सहमति

मुख्यधारा डेस्क

भारत और चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करने पर फिर से सहमति बन गई है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को प्रेस रिलीज जारी कर इसका एलान किया। कोलकाता से चीन के औद्योगिक शहर ग्वांगझू के लिए रोजाना नॉन-स्टॉप उड़ानें चलेंगी। भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि दोनों देशों के बीच सीधी उड़ान सेवा इस महीने के आखिर में शुरू हो सकती है। बता दें कि दोनों देशों के बीच उड़ान सेवाएं 2020 में कोविड-19 महामारी के बाद निलंबित कर दी गई थीं। इसके बाद पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद को देखते हुए इन्हें बहाल नहीं किया गया था। नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि भारत और चीन के बीच सीधी हवाई सेवाएं अक्टूबर के अंत तक फिर शुरू हो जाएंगी।

मंत्रालय ने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने के व्यापक प्रयासों के तहत नागर विमानन अधिकारियों के बीच निरंतर तकनीकी स्तर की बातचीत के बाद सीधी हवाई सेवाएं शुरू हो रही हैं।इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स ने कहा कि हमें भारत और चीन के बीच दैनिक, सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। हमें भारत में दो स्थानों से चीन के लिए सीधी उड़ान सेवा फिर से शुरू करने वाली पहली कंपनी होने पर गर्व है। इस महत्वपूर्ण कदम के साथ, हम चीन के लिए और अधिक सीधी उड़ानें शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। पूर्व में इंडिगो के अलावा, एअर इंडिया की भी दिल्ली से शंघाई के लिए उड़ानें थीं, लेकिन 2020 की शुरुआत में दोनों देशों के बीच सीधी सेवाएं निलंबित कर दी गईं। एअर इंडिया की योजना इस साल के अंत तक चीन के लिए उड़ानें फिर से शुरू करने की है। एअर इंडिया की ओर से फिलहाल कोई बयान नहीं आया। इंडिगो ने कहा कि वह महामारी से पहले भी भारत और चीन के बीच उड़ानें संचालित करती थीं और कई आवश्यक व्यवस्थाएं और प्रक्रियाएं पहले से ही लागू हैं।

सीधी उड़ानें शुरू होने से भारत और चीन के व्यापारी, छात्र, पर्यटक एक-दूसरे के देशों की यात्रा कर सकेंगे

विमानन कंपनी ने कहा, पिछले अनुभव और स्थानीय साझेदारों के साथ तालमेल से इंडिगो को इन उड़ानों को शीघ्रता से फिर से आरंभ करने में मदद मिलेगी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस बात पर सहमति बन गई है कि भारत और चीन के निर्दिष्ट स्थानों को जोड़ने वाली सीधी हवाई सेवाएं अक्टूबर के अंत तक फिर से शुरू हो सकती हैं, जो दोनों देशों की विमानन कंपनियों के वाणिज्यिक निर्णय और सभी परिचालन मानदंडों को पूरा करने के अधीन है। नागर विमानन मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें हवाई संपर्क को बढ़ाएंगी, लोगों के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देंगी और दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने में योगदान देंगी। सीधी उड़ानें शुरू होने से भारत और चीन के व्यापारी, छात्र, पर्यटक और परिवार आसानी से एक-दूसरे के देशों की यात्रा कर सकेंगे। इससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्ते मजबूत होंगे। भारत और चीन दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं। सीधी उड़ानें व्यापार और निवेश को बढ़ावा देंगी। अभी तीसरे देशों के रास्ते यात्रा करने से समय और पैसे की लागत बढ़ती है। यह कदम दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और रिश्तों को सामान्य करने की दिशा में पॉजिटिव कदम है।

Next Post

विजयादशमी पर प्रदेश से लैंड जिहाद, लव जिहाद और धर्मांतरण जिहाद को समाप्त करने का लिया संकल्प : CM धामी

विजयादशमी पर प्रदेश से लैंड जिहाद, लव जिहाद और धर्मांतरण जिहाद को समाप्त करने का लिया संकल्प : CM धामी सीएम धामी विजयदशमी पर लक्ष्मण चौक, देहरादून में आयोजित दशहरा महोत्सव व रावण दहन में हुए शामिल अयोध्या में राम […]
pu

यह भी पढ़े