ठोस कचरा प्रबंधन नियम और नागरिकों की जिम्मेदारियाँ
विनोद कुमार/देहरादून
आज शहरीकरण बहुत तीव्र गति से बढ़ रहा है, बाजार फैल रहे हैं, उपभोग की प्रवृत्ति चरम पर है और आधुनिक जीवन की सुविधाएँ हर घर की चौखट तक पहुँच रही हैं, लेकिन इन सबके बीच एक ऐसी समस्या भी उभरकर सामने आती रही है, जिसे लंबे समय तक हमने अनदेखा किया, वह है हमारे शहरों में बढ़ता ठोस कचरा।
यह कचरा हमारे जीवन का अनिवार्य हिस्सा है, पर इसकी जिम्मेदारी अक्सर हम नगर निकायों पर छोड़ देते हैं। इसी वास्तविकता को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने Solid Waste Management Rules 2026 को जारी किया है, जो विगत 1 अप्रैल 2026 से पूरे देश में लागू हो गया है। इन नियमों से सरकार नागरिकों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों को और मजबूत करना चाहती है, क्योंकि कचरा प्रबंधन तब तक सफल नहीं हो सकता जब तक हर व्यक्ति इसकी जिम्मेदारी ले।
इन नियमों का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि प्रत्येक नागरिक के लिए अपने घर, कार्यालय या दुकान में उत्पन्न होने वाले कचरे को चार श्रेणियों में पृथक्करण (Segregation) करना अनिवार्य कर दिया गया है। यह पृथक्करण (Segregation) केवल प्रशासनिक आवश्यकता नहीं, बल्कि एक वैज्ञानिक और व्यावहारिक व्यवस्था है, जिसके माध्यम से हम कचरे को समस्या नहीं, बल्कि संसाधन में बदल सकते हैं। आज हम जिस कचरे को कूड़े की तरह देखते हैं, वही सही ढंग से पृथक्करण (Segregation) करके दिया जाए तो कम्पोस्ट और खाद बन सकता है, नए उत्पादों में रीसायकल हो सकता है या सुरक्षित तरीके से निपटाया जा सकता है। समस्या तब उत्पन्न होती है, जब गीला, सूखा, हानिकारक और अवशिष्ट कचरा एक साथ मिल जाता है और पूरा कचरा एक हानिकारक मिश्रण में बदल जाता है।
नए नियमों के अनुसार पहली श्रेणी में गीला (Wet Waste) या जैविक कचरा आता है, जिसे आमतौर पर हम रोज रसोई में पैदा करते हैं। इसमें सब्जियों और फलों के छिलके, बचा हुआ भोजन, चाय-कॉफी का अवशेष, और बगीचे की पत्तियाँ शामिल होती हैं। यह कचरा धरती में वापस लौट सकता है और इसे कंपोस्ट में बदलकर हम मिट्टी की उर्वरता बढ़ा सकते हैं।
दूसरी श्रेणी सूखे (Dry Waste) या रीसायकल योग्य कचरे की है, जिसमें कागज, प्लास्टिक, काँच, धातु, गत्ता, पुराने कपड़े और पैकेजिंग सामग्री शामिल हैं। यदि यह कचरा साफ और अलग-अलग दिया जाए, तो यह रीसायकल उद्योग के लिए बहुमूल्य संसाधन बन सकता है।
तीसरी श्रेणी स्वास्थ्यकर अपशिष्ट (Sanitary Waste) घरेलू हानिकारक कचरे की है, जिसमें इस्तेमाल किए गए डायपर, सैनिटरी पैड / नैपकिन, यह व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित कचरा है, जिसे संक्रमण रोकने के लिए अलग से लपेट कर देना अनिवार्य है।
चौथी श्रेणी विशेष देखभाल अपशिष्ट (Special Care Waste) कचरे की है, बैटरी, बल्ब, ट्यूबलाइट, दवाइयाँ, रसायन वाले डिब्बे या पेंट के अवशेष शामिल हैं। यदि यह कचरा सामान्य कचरे में मिल जाए तो इससे गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा होते है एवं पर्यावरण को क्षति होती है। एक विशेष प्राविधान यह भी है कि थोक अपशिष्ट जनित्र (Bulk Waste Generators), 5,000 वर्ग मीटर से अधिक वाले होटल, आवासीय सोसायटियों और संस्थानों को अपने परिसर के भीतर ही गीले कचरे को कम्पोस्ट या बायो-मीथेनेशन के माध्यम से संसाधित करना अनिवार्य है।
गीले और सूखे कचरे के मिश्रण के बाद न तो रीसायकल संभव रह जाता है और न ही कम्पोस्टिंग। ऐसे मिश्रित कचरे से मीथेन जैसी जहरीली गैसें निकलती है, जो आग लगने और हवा के प्रदूषण की प्रमुख वजह है। डंपिंग ग्राउंडों के आसपास रहने वाले लोगों में सांस की बीमारियाँ, त्वचा रोग और संक्रमण की सम्भावना रहती हैं। यह केवल पर्यावरण का नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का मुद्दा भी है, क्योंकि अक्सर सबसे गरीब समुदाय ही इन डंपिंग साइटों के पास रहने को मजबूर होते हैं।
नए नियमों ने नागरिकों को चार डिब्बों का उपयोग अनिवार्य किया है और इसके साथ ही नगर निकायों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनका कचरा संग्रहण तंत्र इस विभाजन के अनुरूप काम करे। इसके लिए अलग-अलग गाड़ियों, कचरा केंद्रों और प्रोसेसिंग प्लांटों की व्यवस्था की जा रही है। लेकिन यह भी सच है कि किसी भी व्यवस्था की सफलता नागरिकों के व्यवहार पर निर्भर है। यदि हम घरों में कचरा अलग नहीं करेंगे, तो न कोई मशीन इसे साफ कर पाएगी और न कोई नगर निगम इसे ठीक से संभाल पाएगा।
यह परिवर्तन केवल तकनीकी नहीं है, यह सामाजिक संस्कृति का निर्माण है। जैसे सीट बेल्ट लगाने, हेलमेट पहनने या धूम्रपान निषेध जैसे व्यवहारिक बदलावों को समय के साथ सीखा एवं जीवन मे अपनाया, उसी तरह कचरा अलग करना भी एक आदत बन सकता है। जब एक परिवार यह करना शुरू करता है, तो उसके बच्चे इसे जीवन भर की आदत बना लेते हैं। जब एक सोसाइटी इसे लागू करती है, तो पूरे समुदाय में अनुशासन विकसित होता है। जब पूरा शहर यह नियम अपनाता है, तब वास्तव में वह शहर “स्मार्ट सिटी” बनता है।
नगर निकायों की अपनी सीमाएँ हैं और नागरिकों की भूमिका बहुत बड़ी है। अक्सर हम यह शिकायत करते हैं कि नगर निगम समय पर कचरा नहीं उठाता, पर यह भी उतना ही सच है कि हम भी कचरा ऐसे रूप में देते हैं जिसे साफ करना किसी भी सफाई कर्मचारी के लिए बेहद कठिन और कभी-कभी अमानवीय होता है। गीले और सूखे कचरे के मिश्रण से पूरा कचरा सड़ जाता है, बदबू फैलाता है, और सफाई कर्मियों को हाथों से उसे अलग करना पड़ता है। यह उनके स्वास्थ्य और गरिमा दोनों के खिलाफ है। यदि हम स्रोत पर कचरा अलग करें, तो हम न केवल शहर की सफाई बेहतर बनाते हैं, बल्कि उन लाखों सफाई कर्मियों के जीवन को भी सहज और सुरक्षित बनाते हैं जो हमारे लिए रोजाना यह कठिन काम करते हैं।
इनमें नागरिकों को प्रोत्साहित करने की योजनाएँ भी शामिल हैं। कई नगर निकाय अब पृथक्करण (Segregation) कर, कचरा देने वाले लोगों को डिजिटल रिवॉर्ड पॉइंट्स देंगे, जिन्हें नगर निकायों के टैक्स एवं अन्य बिलों पर लाभ के रूप में उपयोग किया जा सकेगा।
इसके अलावा, जो परिवार या सोसाइटी अपने स्तर पर कम्पोस्ट बनाएंगे, उन्हें प्रमाणपत्र, सम्मान और प्रोत्साहन राशि भी दी जा सकती है। कई शहरों में सूखे कचरे को बेचकर आय अर्जित करने की प्रणाली भी लागू हो रही है, जिससे नागरिक न केवल स्वच्छता में योगदान देंगे, बल्कि आर्थिक रूप से भी लाभ उठा सकेंगे।
कचरे का पृथक्करण (Segregation) यदि नागरिकों द्वारा पूर्णरूप से किया जाता है, तो इसके दूरगामी लाभ होंगे। डंपिंग ग्राउंडों की जरूरत आधी हो सकती है, शहरों में बदबू और मच्छरों की समस्या घट सकती है, बीमारियाँ कम हो सकती हैं, और रीसायकल उद्योग को नया जीवन मिल सकता है। पर्यावरण की रक्षा होने के साथ-साथ लाखों नए रोजगार भी पैदा होंगे। हरित अर्थव्यवस्था भविष्य का सबसे बड़ा अवसर है, और कचरा प्रबंधन उसमें एक महत्वपूर्ण स्तंभ बन सकता है।
हमें गंभीरता से सोचना चाहिए कि हम अपने आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसा शहर, वातावरण एवं पर्यावरण छोड़ना चाहते हैं। क्या हम उन्हें कचरे के पहाड़, प्रदूषित हवा, जहरीला पानी और बीमारियों से भरी बस्तियों देना चाहते हैं? या ऐसा शहर जहाँ स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर घर की आदत हो? जहाँ बच्चे कचरा अलग करना उतने ही सहज तरीके से सीखें, जितनी सहजता से वे पढ़ना-लिखना सीखते हैं? बदलाव कठिन नहीं है; कठिन सिर्फ शुरुआत है। एक बार चार डिब्बों की आदत पड़ जाए, तो यह हमारे जीवन का हिस्सा बन जाएगी। Solid Waste Management Rules 2026 केवल नियमों का सेट नहीं है। यह भारत के नागरिकों के लिए एक बड़े परिवर्तन का अवसर है। 1 अप्रैल से न केवल कचरा प्रबंधन बदला, बल्कि हमारी नागरिक चेतना का एक नया अध्याय भी शुरू हो गया है। यह नियम हमें याद दिलाते हैं कि स्वच्छ भारत नागरिक बनाते हैं। हमें अपने कचरे की जिम्मेदारी खुद लेनी होगी, क्योंकि स्वच्छता केवल एक सेवा नहीं, बल्कि एक संस्कार है। यदि प्रत्येक नागरिक यह संकल्प ले कि वह कचरा चार श्रेणियों में अलग करेगा, तो एक सप्ताह में आदत बनेगी, एक महीने में गली बदलेगी, एक वर्ष में शहर बदल जाएगा।


