सहयोगी मंत्री के निधन पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्रियों ने जताया गहरा दुख, बोले: हमेशा खलती रहेगी चन्दन राम दास (Chandan Ram Dass) की कमी - Mukhyadhara

सहयोगी मंत्री के निधन पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्रियों ने जताया गहरा दुख, बोले: हमेशा खलती रहेगी चन्दन राम दास (Chandan Ram Dass) की कमी

admin
FB IMG 1682502987846

सहयोगी मंत्री के निधन पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्रियों ने जताया गहरा दुख, बोले: हमेशा खलती रहेगी चन्दन राम (Chandan Ram Dass) दास की कमी

देहरादून/मुख्यधारा
अपनी सहज और सरल स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के आकस्मिक निधन पर प्रदेशभर में शोक की लहर छाई है। उनके निधन पर मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, विधायकों एवं आमजन अपने अंदाज में शोक संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
बताते चले कि मंत्री चंदन राम दास काफी समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। वह उत्तराखंड सरकार में परिवहन व समाज कल्याण मंत्री थे। चंदन राम दास ने अपना राजनीतिक करियर 1980 में शुरू किया था, वह चार बार के विधायक रहे।

जानिए सहयोगी मंत्रियों ने अपनी शोक संवेदना में क्या कहा:-

मुख्यमंत्री धामी ने बताई पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा मंत्रिमंडल में हमारे वरिष्ठ साथी चंदन राम दास का निधन पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने समाज में गरीबों, शोषितों, पिछड़ों के लिए और आम आदमी की भलाई के लिए संपूर्ण जीवन कार्य किया। वे एक संघर्षशील नेता थे। उन्होंने हमेशा समाज के अंतिम छोर में खड़े लोगों की आवाज को उठाने और समाधान की ओर ले जाने का कार्य किया। उनका सरल, सहज एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व था।
मुख्यमंत्री ने  दिवंगत आत्मा को सभी प्रदेशवासियों की ओर से श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों एवं शुभचिंतकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।

कैबिनेट मंत्री चन्दन राम दास के निधन पर सतपाल महाराज ने जताया दुःख, कहा हमेशा खलती रहेगी उनकी कमी

b 1 9

प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, सिंचाई, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड सरकार में अपने सहयोगी कैबिनेट मंत्री, बागेश्वर विधानसभा से विधायक चन्दन राम दास के आकस्मिक निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
श्री महाराज ने कहा कि कैबिनेट मंत्री, बागेश्वर विधानसभा से विधायक चन्दन राम दास पिछले कुछ समय से एनीमिया और शुगर की बीमारी से ग्रस्त थे लेकिन उसके बावजूद भी उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा था। अचानक इस तरह से उनका हमें छोड़ कर चले जाना हम सभी को स्तब्ध कर रहा है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।
श्री महाराज ने कहा कि कैबिनेट मंत्री, बागेश्वर विधायक चन्दन राम दास विशाल व्यक्तित्व के धनी होने के साथ-साथ अपने समाज, क्षेत्र और पूरे उत्तराखंड के लिए कार्य करते थे। उनका इस तरह अकस्मात चले जाना हम सभी के लिए बहुत ही दुखद है। उनका अभाव हमेशा खलता रहेगा, इसकी क्षतिपूर्ति संभव नहीं है।

कैबिनेट मंत्री चंदनराम दास के निधन पर मंत्री रेखा आर्या ने जताया शोक

  • राज्य के लिए बताया अपूरणीय क्षति, सभी निर्धारित कार्यक्रम किए रद्द
धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री चंदनराम दास के निधन पर मंत्री रेखा आर्या ने शोक वक्त किया है।उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने व संपूर्ण परिवार को यह दुख सहने की अपार शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने कहा कि हमने आज एक सरल और  संजीदा स्वभाव के नेता को खो दिया दिया है। कहा कि दास जी का असमय चले जाना प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।

आम जन के हितैषी थे चंदन राम दास: प्रेमचंद अग्रवाल

कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के अकस्मिक निधन पर मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने उनके निधन अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि चंदन राम दास जन-जन के नेता थे, प्रदेश ने आज एक समर्पित जननेता को खो दिया है। सौम्य व मधुर व्यवहार के धनी चंदन राम दास की कमी हमेशा खलती रहेगी।

डा. अग्रवाल ने उनके निधन को अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक बताते हुये, ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने एवं दुःख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।

कहा कि चंदन रामदास विगत वर्षों से बीमार चल रहे थे। राज्य सरकार ने उन्हें हरसंभव बेहतर उपचार उपलब्ध कराया लेकिन आज अचानक स्वास्थ्य खराब होने से उनका अकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने बताया कि चंदनराम दास जी ने अपना राजनीतिक सफर अस्सी के दशक में बतौर छात्र नेता से शुरू किया, इसके उपरांत वह 1997 में नगर पालिका बागेश्वर में निर्दलीय पालिका अध्यक्ष बने। वह लगातार चार बार विधायक चुने गये। अपने सौम्य व्यवहार के चलते वह आम जनता के चहेते नेता थे।

मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने जताया गहरा दुख

मंत्री डा. धनसिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड सरकार में मंत्री चंदन राम दास के निधन का दुखद समाचार पाकर मन विचलित है। मां धारी देवी से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
ॐ शांति

विगत दिवस अल्मोड़ा कार्यक्रम में हुई थी मंत्री सौरभ बहुगुणा मुलाकात

मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड मेरे बड़े भाई Chandan Ram Dass के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस समाचार पर विश्वास कर पाना मुश्किल इसलिए भी है, क्योंकि मंत्री से विगत दिवस अल्मोड़ा के कार्यक्रम में मुलाकात हुई थी। उन्होंने अपना आशीर्वाद भी दिया था।
ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख की घड़ी में शांति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति

मंत्री सुबोध उनियाल ने जताया गहरा शोक

मंत्रिमंडल में हमारे सहयोगी चंदन राम दास जी के आकस्मिक निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों व समर्थकों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति:

मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखंड की राजनीति के लिए बताइ अपूरणीय क्षति

उत्तराखंड के जनप्रिय नेता एवं कैबिनेट में मेरे साथी श्री चंदन राम दास जी के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं।
उनका जाना मेरे लिए कष्टप्रद है तथा उत्तराखंड की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति।
ईश्वर उनकी दिव्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति:

राज्य में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित

IMG 20230426 WA0034

Next Post

"हर घर नल से जल" योजना को पलीता लगाते विभागीय अधिकारी

“हर घर नल से जल” योजना को पलीता लगाते विभागीय अधिकारी नीरज उत्तराखंडी/पुरोला सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल से जल को अमलीजामा पहनाने में विभागीय अधिकारी पलीता लगाने को आमादा हैं। हर परिवार को स्वच्छ पेयजल मुहैया करने […]
water 1

यह भी पढ़े