पियूष के शतक के दम पर पिथौरागढ़ हरिकेन की पहली जीत
देहरादून/मुख्यधारा
पुरुष यूपीएल में पियूष जोशी के शतक के दम पर पिथौरागढ हरिकेन ने टिहरी टाइटंस को 8 विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज की।
राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को पहला मैच पिथौरागढ हरिकेन और टिहरी टाइटंस के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी कर टिहरी टाइटंस ने सधी हुई शुरूआत दी। अनिकेत मलिक और इशाग्रा जगूरी ने पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। गेंदबाज प्रशांत चैहान ने 16 रन के निजी स्कोर पर अनिकेत मलिक को बोल्ड किया। एक छोर को संभाले हुए इशाग्रा जगूरी ने अर्धशतक लगाकर 51 रन टीम के लिए जोड़े।
इसके अलावा करन कौशल ने 27, आर्यन शर्मा ने नाबाद 83, भानुप्रताप सिंह ने नाबाद 12 रनों की बदौलत टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 202 रन का स्कोर बनाया। पिथौरागढ के लिए आर्यन कपूर ने 2, विकास रावत व प्रशांत चैहान ने 1-1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिथौरागढ हरिकेन ने निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट गंवाकर 206 रन बनाकर पहली जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज रोहित दानू ने अर्धशतक लगाते हुए 83 रन, पियूष जोषी ने धुंआधार बल्लेबाजी कर 11 चौके व 4 छक्के की मदद से 106 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। तुषार नौटियाल ने 4 व अनय क्षेत्री ने नाबाद 6 रन बनाए। टिहरी टाइटंस के लिए जगदीश सिंह कोश्यारी ने एक विकेट लिया।


