आज के दौर में मीडिया प्रोफेशनल्स को मल्टी-स्किल्ड होना जरूरी : डा. रयाल
उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी में MAJMC चतुर्थ सेमेस्टर की चार दिवसीय वर्कशॉप संपन्न,
देहरादून/मुख्यधारा
उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी में MAJMC (मास्टर ऑफ आर्ट्स इन जर्नलिज़्म एंड मास कम्युनिकेशन) चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित चार दिवसीय वर्कशॉप सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

समापन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहानी ने छात्रों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों को पत्रकारिता के आधुनिक रुझानों, मीडिया नैतिकता और डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म्स के बदलते स्वरूप के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कुलपति प्रो. लोहानी ने कहा कि मीडिया सेक्टर में सफल होने के लिए विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक अनुभव और व्यवहारिक समझ विकसित करनी आवश्यक है। वर्कशॉप का उद्देश्य छात्रों को इसी दिशा में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) राकेश चंद्र रयाल, निदेशक, UCF सदन देहरादून ने भी छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने पत्रकारिता में अवसरों, चुनौतियों और प्रोफेशनल स्किल्स के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन दिया। डॉ. रयाल ने कहा कि आज के दौर में मीडिया प्रोफेशनल्स को मल्टी-स्किल्ड होना आवश्यक है, ताकि वे बदलते मीडिया परिवेश के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकें।

वर्कशॉप के दौरान छात्रों ने रिपोर्टिंग, लेखन, एडिटिंग, कैमरा हैंडलिंग, न्यूज़ प्रेजेंटेशन और डिजिटल मीडिया प्रबंधन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने वर्कशॉप से प्राप्त अनुभव साझा किए और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।


