दयारा ट्रेक से लापता बबीता पाण्डे की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से भी की गई सर्चिंग

Mukhyadhara
IMG 20260607 WA0019

दयारा ट्रेक से लापता बबीता पाण्डे की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर से भी की गई सर्चिंग

नीरज उत्तराखंडी/उत्तरकाशी

दयारा बुग्याल ट्रेक क्षेत्र से लापता 24 वर्षीय युवती बबीता पाण्डे की तलाश के लिए उत्तरकाशी पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, भारतीय सेना, वन विभाग तथा नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) की संयुक्त टीमों द्वारा व्यापक खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में एक ओर जहां युवती की तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मामले के संभावित आपराधिक पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। खोज एवं बचाव अभियान की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार तथा विवेचनात्मक कार्रवाई की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट पंकज शर्मा को सौंपी गई है।

IMG 20260607 WA0017

पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 की रात करीब 7:45 बजे सूचना मिली कि गोई बेस क्षेत्र में ट्रेकिंग के दौरान बबीता पाण्डे लापता हो गई हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने सर्च अभियान शुरू कर दिया था।

31 मई से चल रहे अभियान में स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आपदा प्रबंधन की क्यूआरटी टीम, वन विभाग, स्थानीय निवासियों, गाइडों, पोर्टरों और परिजनों का सहयोग लिया जा रहा है। खोज अभियान में ड्रोन, खोजी कुत्तों तथा अन्य आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग किया जा रहा है। एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ने गोई बेस के समीप स्थित झील और आसपास के जल स्रोतों में भी गहन तलाशी अभियान चलाया है।

रविवार को हेलीकॉप्टर की सहायता से दयारा ट्रेक और आसपास के पूरे क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी किया गया। इसके अलावा दयारा बुग्याल, रैथल क्षेत्र के होटल, गेस्ट हाउस, सीसीटीवी फुटेज तथा गोड़ा-डोडा मार्ग पर भी व्यापक जांच और पूछताछ की जा रही है।

IMG 20260607 WA0016 IMG 20260607 WA0018

इधर, मामले के संभावित आपराधिक पहलुओं की जांच भी समानांतर रूप से जारी है। पुलिस के अनुसार बबीता पाण्डे 29 मई को अपने दो साथियों हरमनपाल सिंह और हरमनप्रीत सिंह के साथ ट्रेक पर गई थीं।

बताया गया कि बबीता और हरमनपाल एक-दूसरे के परिचित एवं मित्र हैं। 25 मई को पटना से उत्तरकाशी पहुंचे ये लोग विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के बाद 29 मई की रात गोई क्षेत्र में ठहरे थे, जहां से बबीता रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं।

31 मई को युवती के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली मनेरी में हरमनपाल सिंह और हरमनप्रीत सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए पुलिस एवं सर्विलांस टीम गठित की गई है।

पुलिस अब तक 100 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें ट्रेकर्स, मित्र, परिजन, स्थानीय निवासी, घोड़ा-खच्चर संचालक, गाइड, पोर्टर और अन्य संबंधित लोग शामिल हैं। पुलिस ने ट्रेक मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), लोकेशन डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की है।

उत्तरकाशी पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। युवती की तलाश के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में किया प्रतिभाग

जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में किया प्रतिभाग देहरादून/मुख्यधारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवर को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केदार सिंह स्टेडियम, नागथात, देहरादून में आयोजित जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में प्रतिभाग किया। […]
IMG 20260608 WA0024

यह भी पढ़े