- प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह : रातभर बंधक बनाकर की गई बेरहमी से पिटाई, युवक की मौत, दोस्त गंभीर घायल
लंबगांव/टिहरी गढ़वाल, मुख्यधारा
टिहरी जनपद के लंबगांव थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक की कथित तौर पर रातभर की गई बेरहमी से पिटाई के बाद मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
रात साढ़े 11 बजे आया फोन, दोस्त को छोड़ने गया था दिवाकर
घटना में घायल हुए दिवाकर ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे उसके मित्र केतन लाल का फोन आया। केतन ने उसे खोलगढ़ गांव तक छोड़ने के लिए कहा। दिवाकर अपनी बाइक से केतन को लेकर गांव पहुंचा, लेकिन वहां पहुंचते ही दोनों युवकों को पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने घेर लिया।
दिवाकर के अनुसार, गांव में पहुंचते ही लड़की के परिजनों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों युवक संभल भी नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
कमरे में बंद कर रातभर की मारपीट
पीड़ित दिवाकर का आरोप है कि मारपीट के बाद दोनों को जबरन एक कमरे में बंद कर दिया गया। वहां लड़की के पिता, दादा, मां और दादी समेत दो अन्य लोगों ने पूरी रात उनके साथ मारपीट की।
दिवाकर के मुताबिक, केतन को सबसे ज्यादा निशाना बनाया गया। आरोप है कि लड़की के पिता और दादा ने केतन की बेरहमी से पिटाई की। दोनों युवकों की लगातार पिटाई से उनकी हालत बिगड़ती चली गई।
सुबह परिजनों को बुलाया, तब सामने आई भयावह स्थिति
बताया जा रहा है कि सुबह होने पर लड़की पक्ष के लोगों ने केतन के पिता को फोन कर अपने बेटे को ले जाने के लिए बुलाया। जब केतन के परिजन मौके पर पहुंचे तो दोनों युवकों की हालत बेहद गंभीर थी।

परिजन तत्काल केतन को कार से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंबगांव के लिए रवाना हुए। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही केतन ने दम तोड़ दिया।
दिवाकर के सिर में तीन टांके, हाथ में फ्रैक्चर
दूसरी ओर घायल दिवाकर को उपचार के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा गया। चिकित्सकों ने जांच के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट पाई, जिसके चलते उसे तीन टांके लगाने पड़े। साथ ही उसका एक हाथ फ्रैक्चर होने के कारण प्लास्टर किया गया।
सिर पर चोट को देखते हुए डॉक्टरों ने सीटी स्कैन कराने की सलाह दी, जिसके बाद दिवाकर आगे के उपचार के लिए ऋषिकेश रवाना हो गया।
प्रेम प्रसंग को लेकर बढ़ा विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक केतन का पड़ोसी गांव की एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। इसी संबंध को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मामला हत्या तक पहुंच गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल युवक के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यदि जांच में मारपीट के कारण मौत की पुष्टि होती है तो आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।
क्षेत्र में आक्रोश
युवा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और प्रेम प्रसंग को लेकर हुई कथित सामूहिक पिटाई की घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह मामला केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि समाज में प्रेम संबंधों, जातीय-सामाजिक पूर्वाग्रहों और कानून को हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हैं।


