- बजट सत्र : आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश करेगी उत्तराखंड की धामी सरकार
- वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने सरकारी आवास पर सुबह पूजा-अर्चना की
- केला तुलसी की पूजा की, सूर्य को जल अर्पित किया
- उत्तराखंड के चौमुखी विकास के लिए उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की
- 12:20 सरकार सदन में पेश करेगी बजट
- सत्र के दूसरे दिन पांच विधेयक सदन में पेश किए
देहरादून/मुख्यधारा
उत्तराखंड सरकार आज 2025-26 का बजट पेश करने जा रही है। वित्त मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने शासकीय आवास पर सबसे पहले पूजा अर्चना की।
ईश्वर से प्रार्थना करते हुए आज सुबह की दिनचर्या उन्होंने पूजा अर्चना के साथ में शुरू की है।
आज सरकार उत्तराखंड के चौमुखी विकास के लिए वर्ष 2025 और 26 का बजट पेश करने जा रही है। वित्त मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने तुलसी, केले के पौधे की पूजा की। साथ ही अपने आवास के मुख्य द्वार पर स्थापित गणेश भगवान भी की। इसके बाद मुख्य पूजा अर्चना की है।इससे पूर्व गत दिवस पांच विधेयक सदन में पेश किए गए।

सत्र के दूसरे दिन पांच विधेयक सदन में पेश
विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन बुधवार को सरकार की ओर से पांच विधेयकों को मंजूरी के लिए सदन में पेश किया गया।
संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने उत्तराखंड नगर निकायों एवं प्राधिकरणों हेतु विशेष प्रावधान (संशोधन) विधेयक 2025, उत्तराखंड, निक्षेपक (जमाकर्ता) हित संरक्षण (वित्तीय अधिष्ठानों में) (निरसन) विधेयक 2025, उत्तराखंड राज्य विधानसभा (सदस्यों की उपलब्धियां और पेंशन) (संशोधन) विधेयक 2025, उत्तराखंड निसन विधेयक 2025 और उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास (संशोधन) विधेयक 2025 को विचार के लिए सदन के पटल पर रखा गया।
उत्तराखंड विधानसभा में पूर्व पीएम डा. मनमोहन सिंह और पूर्व विधायक चंद्रशेखर को दी श्रद्धांजलि
विधानसभा सत्र के दौरान बुधवार को दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि दिवंगत सभी पूर्व विधायकों की राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि की जाएगी।
उत्तराखंड विधानसभा में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह और पूर्व विधायक चंद्रशेखर भट्टेवाले को श्रद्धांजलि दी गई।
नेता सदन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विगत दिनों पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के निधन की सूचना देते हुए शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। धामी ने कहा कि डा. मनमोहन सिंह आर्थिक उदारीकरण के जनक थे। वह योजना आयोग के उपाध्यक्ष, वित्त मंत्रालय में आर्थिक सलाहकार, भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर रहे। पीवी नरसिंहा राव सरकार में वित्त मंत्री के रूप में उनके कार्यों को आज भी याद किया जाता है।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में 2004 से 2024 तक वे प्रधानमंत्री रहे।
धामी ने कहा कि डा. मनमोहन सिंह के रूप में देश ने एक महान अर्थशास्त्री एवं विनम्रता के प्रतीक व्यक्तित्व को खो दिया है। सदन की ओर से हम उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने भगवानपुर और ज्वालापुर से विधायक रहे चंद्रशेखर भट्टेवाले के निधन पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्त्वि पर प्रकाश डाला।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह और पूर्व विधायक स्व. चंद्रशेखर भट्टेवाले को अपने दल की ओर से श्रद्धांजलि दी।
बसपा के मोहम्मद शहजाद ने दोनों दिवंगत नेताओं को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि पूर्व विधायकों की अंत्येष्टि पर राजकीय सम्मान मिलना चाहिए, जो कि नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि दिवंगत पूर्व विधायकों के सामाजिक कार्यों को सम्मान देते हुए उनकी अंत्येष्टि पूर्व राजकीय सम्मान के साथ करने की व्यवस्था की जाए। जिस पर मुख्यमंत्री ने घोषणा कर दी।
दिवंगत नेताओं को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक मदन कौशिक और प्रीतम सिंह आदि ने भी श्रद्धांजलि दी।