लोकसभा चुनाव : छठे चरण के लिए वोटिंग शुरू, छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों पर डाले जा रहे वोट - Mukhyadhara

लोकसभा चुनाव : छठे चरण के लिए वोटिंग शुरू, छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों पर डाले जा रहे वोट

admin
l 1 2

लोकसभा चुनाव : छठे चरण के लिए वोटिंग शुरू, छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों पर डाले जा रहे वोट

इन दिग्गजों का भाग्य ईवीएम में होगा कैद

मुख्यधारा डेस्क

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के बाद आज छठे चरण के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। इस चरण में छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। शनिवार सुबह 7 से लेकर शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। 58 सीटों पर 11 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।

इस फेज में राजधानी दिल्ली की सभी सातों सीटों पर मतदान हो रहा है। दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश की 14 सीटें, हरियाणा की सभी 10, बिहार और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ, ओडिशा की छह, झारखंड की चार और जम्मू कश्मीर की एक सीट पर वोटिंग हो रही है। इस फेज में 3 केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, कृष्ण पाल सिंह गुर्जर और राव इंद्रजीत सिंह मैदान में हैं। दो पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, मनोहर लाल ख‌ट्‌टर भी चुनाव लड़ रहे हैं।

इनके अलावा मनोज तिवारी, मेनका गांधी, नवीन जिंदल, बांसुरी स्वराज, संबित पात्रा, राज बब्बर, निरहुआ भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर तीसरे फेज में चुनाव होना था, लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया था। अब यहां छठे फेज में वोटिंग हो रही है। यहां से महबूबा मुफ्ती चुनाव लड़ रहीं हैं।

यह भी पढ़ें : पायलट की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा होने से टला

चुनाव आयोग के मुताबिक, इलेक्शन के छठे फेज में 889 कैंडिडेट्स चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 797 पुरुष और 92 महिला उम्मीदवार हैं। 2019 में इन सीटों पर सबसे ज्यादा भाजपा 40, बसपा 4, ‌बीजेडी 4, सपा 1, जेडीयू 3, टीएमसी 3, एलजेपी 1, आजसू 1 सीट जीती थीं। कांग्रेस और आप अपना खाता भी नहीं खोल सकी थीं।

543 लोकसभा सीटों में पांचवें फेज तक 429 सीटों पर मतदान हो गया है। 25 मई तक कुल 487 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। आखिरी और सातवें फेज में 56 सीटों पर वोटिंग होगी।

सबसे अमीर प्रत्याशी

इस फेज में सबसे अमीर प्रत्याशी हरियाणा के कुरुक्षेत्र सीट से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल हैं। उनके पास 1241 करोड़ रुपए की संपत्ति है।
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर संतृप्त मिश्रा (482 करोड़ रुपए) हैं।

तीसरे नंबर पर कांग्रेस के सुशील गुप्ता (169 करोड़ रुपए) हैं।

बीजू जनता दल के सभी 6 कैंडिडेट, आरजेडी और जेडीयू के सभी 4 कैंडिडेट, सपा के 11, टीएमसी के 7, कांग्रेस के 20 और आम आदमी पार्टी के 4 कैंडिडेटस की संपत्ति एक करोड़ या उससे ज्यादा है।

वहीं, रोहतक से निर्दलीय उम्मीदवार मास्टर रणधीर सिंह के पास संपत्ति के नाम पर महज दो रुपए हैं।

यह भी पढ़ें :सख्ती : चारधाम यात्रा में लापरवाही पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई : सीएम धामी

एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, 183 कैंडिडेट ऐसे हैं, जिन पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं। वहीं 141 उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जिन पर हत्या, किडनैपिंग जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें से 12 उम्मीदवारों को किसी न किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। 6 उम्मीदवारों पर हत्या और 21 पर हत्या की कोशिश के मामले दर्ज हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले 24 उम्मीदवारों पर दर्ज हैं। 3 उम्मीदवारों के खिलाफ दुष्कर्म (आईपीसी-376) का केस दर्ज है।

वहीं, 16 कैंडिडेट्स पर भड़काऊ भाषण देने का केस दर्ज है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठे चरण के मतदान के बीच सभी वोटरों से बढ़ चढ़कर वोटिंग करने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि जो भी छठे चरण में मतदान करने जा रहा है, मेरी आप सभी से अपील है कि बड़ी संख्या में बाहर निकलें। हर वोट की कीमत होती है, अपने वोट की कीमत समझें। लोकतंत्र तभी आगे बढ सकता है, जब देश की जनता चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय हो। मैं खास तौर पर महिलाओं और युवाओं से वोट करने की अपील करता हूं।

यह भी पढ़ें :वाटर टावर (water tower) के करीब रहकर भी उत्तराखंड प्यासा

दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड और बंगाल इन सीटों पर डाले जा रहे वोट

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आज दिल्ली में सभी सातों सीटों पर मतदान हो रहा है। राजधानी में भजपा इंडिया ब्लॉक के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन के तहत चुनावी रण में हैं। ऐसा पहली बार हुआ है, जब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने बीजेपी के खिलाफ संयुक्त उम्मीदवार उतारे हैं। आप जहां चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं कांग्रेस ने बाकी तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। आप ने पूर्वी दिल्ली सीट से कुलदीप कुमार, पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा, नई दिल्ली से सोमनाथ भारती और दक्षिणी दिल्ली से सही राम पहलवान को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से उदित राज को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी, नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज, पूर्वी दिल्ली से हर्षदीप मल्होत्रा, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से योगेन्द्र चंदोलिया, चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल और पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत को टिकट दिया है।

वहीं पश्चिम बंगाल के 5 जिलों में फैले आदिवासी बेल्ट जंगल महल क्षेत्र में भी वोटिंग हो रही है। इस क्षेत्र की तमलुक, कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुरा और बिष्णुपुर लोकसभा सीटों पर चुनावी रण होगा।

बता दें कि कांथी सीट से बीजेपी ने सुवेंदु अधिकारी के भाई सौमेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है। वहीं, तमलुक से कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गंगोपाध्याय टीएमसी के देबांगशु भट्टाचार्य के खिलाफ भाजपा के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।

यह भी पढ़ें : हेमकुंड साहिब कपाट खोलने के लिए रवाना हुआ पहला जत्था

छठे चरण में उत्तर प्रदेश में जिन सीटों पर चुनाव होना हैं, उनमें सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकर नगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आज़मगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही शामिल हैं।सुल्तानपुर से भाजपा उम्मीदवार मेनका गांधी नौवीं बार लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला समाजवादी पार्टी के राम भुआल निषाद और बहुजन समाज पार्टी के उदय राज वर्मा से है।

वहीं, आजमगढ़ में मौजूदा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का मुकाबला समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव के खिलाफ है। जौनपुर में भाजपा के कृपाशंकर सिंह का मुकाबला समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार बाबू सिंह खुशवाहा और मौजूदा सांसद बसपा के श्याम सिंह यादव से है । झारखंड के गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर निर्वाचन क्षेत्रों में 40.09 लाख महिलाओं सहित लगभग 82.16 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। रांची से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी और कांग्रेस की प्रत्याशी यशस्विनी सहाय की टक्कर भाजपा के मौजूदा सांसद संजय सेठ से है।

वहीं, धनबाद में भाजपा के बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो और कांग्रेस के बेरमो विधायक कुमार जयमंगल की पत्नी अनुपमा सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। जमशेदपुर में भाजपा के मौजूदा सांसद विद्युत बरन महतो और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती के बीच भी सीधी लड़ाई होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : अब जंगल की आग नहीं सुलगाएगा पिरूल, देगा बड़ा रोजगार

उधर, गिरिडीह में आजसू पार्टी के चंद्र प्रकाश चौधरी का मुकाबला जेएमएम के टुंडी विधायक मथुरा महतो से है। छठे चरण में बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। इन आठ सीटों में वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, वैशाली, शिवहर और महाराजगंज लोकसभा सीटें शामिल हैं। सीवान से जहां शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब निर्दलीय ताल ठोंक रही हैं तो वहीं शिवहर से लवली आनंद जेडीयू के टिकट पर मैदान में हैं।

Next Post

उत्तराखंड में आज भी अंग्रेजों के जमाने की राजस्व पुलिस (Revenue police)

उत्तराखंड में आज भी अंग्रेजों के जमाने की राजस्व पुलिस (Revenue police) डॉ. हरीश चन्द्र अन्डोला देश में उत्तराखंड शायद अकेला राज्य होगा जहां आज भी अंग्रेजों के जमाने से की गई राजस्व पुलिस व्यवस्था कायम है। लेकिन बदलते दौर […]
r 1 16

यह भी पढ़े