पहली तारीख को गैस सिलेंडर हुआ सस्ता, नई कीमत आज से लागू, उपभोक्ताओं को मिली राहत
मुख्यधारा डेस्क
सितंबर का महीना ग्राहकों के लिए एक अच्छी खबर लेकर आया है। खासकर उन लोगों के लिए जो होटलों, रेस्टोरेंट्स या अन्य व्यावसायिक कामों में एलपीजी सिलेंडर का उपयोग करते हैं। तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में एक बार फिर कटौती की है।
इस बार 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 51.50 रुपये की कमी की गई है। इसके बाद अब दिल्ली में इस सिलेंडर की नई कीमत 1580 रुपये तय की गई है, जो कि पहले 1631.50 रुपये थी। यह नई दर आज, 1 सितंबर 2025 से लागू हो चुकी है। हालांकि, आम घरेलू उपभोक्ताओं को इस बार कोई राहत नहीं मिली है। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दिल्ली में फिलहाल घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 853 रुपये का मिल रहा है। पिछले एक दशक में घरेलू एलपीजी कनेक्शन दोगुने हो चुके हैं। अप्रैल 2025 तक इनकी संख्या लगभग 33 करोड़ तक पहुंच गई है। इससे पता चलता है कि कुकिंग गैस भारतीय परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी में कितनी अहम हो चुकी है। कमर्शियल गैस के दाम में कमी आने से रेस्तरां और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सीधा लाभ मिलेगा। अगर सिर्फ मार्च महीने को छोड़ दें, तो 1 जनवरी 2025 से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतें लगातार घट रही हैं। 1 जनवरी 2025 को इसमें 14.50 रुपये की कटौती की गई थी। इसके बाद फरवरी 2025 में 7 रुपये की कटौती हुई। लेकिन 1 मार्च 2025 को कीमतों में 6 रुपये की मामूली बढ़ोतरी की गई।
1 अप्रैल 2025 को बड़ी कटौती करते हुए 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमत 41 रुपये घटा दी गई। इसके बाद 1 मई 2025 को 14 रुपये और 1 जून 2025 को 24 रुपये की कटौती की गई। 1 जुलाई 2025 को 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमत में 58.50 रुपये की बड़ी कटौती हुई। इसके बाद 1 अगस्त 2025 को 33.50 रुपये की फिर कटौती हुई। अब एक बार कीमतें घटा दी गई है। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल के दाम और बाजार की अन्य स्थितियों को देखते हुए हर महीने गैस की कीमतों की समीक्षा की जाती है।
कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतें वैश्विक बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों, मुद्रा विनिमय दर और टैक्स स्ट्रक्चर जैसे कई कारकों पर निर्भर करती हैं। तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को इन दरों की समीक्षा करती हैं और फिर बदलाव करती हैं।वहीं केंद्र की मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए बड़ा निर्णय लिया है। पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की मीटिंग में योजना से जुड़े लाभार्थियों को अब प्रति गैस सिलेंडर पर 300 रुपए की सब्सिडी मिलेगी। यह सब्सिडी साल 2025-26 के लिए होगी और अधिकतम 9 बार (रीफिल) के लिए मिलेगी। 5 किलो सिलेंडर लेने वालों के लिए यह सब्सिडी अनुपातिक रूप से लागू होगी। देश भर में 10.33 करोड़ उज्ज्वला गैस सिलेंडर दिए जा चुके हैं।


