डायट बड़कोट में डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं का तीन दिवसीय अबेकस प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
बड़कोट/मुख्यधारा
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बड़कोट में डी.एल.एड. प्रथम सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं हेतु तीन दिवसीय अबेकस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन मंगलवार को हुआ।
मुख्य संदर्भदाता संजीव नेगी सहायक अध्यापक रा.प्रा.वि. गंगानी द्वारा प्रशिक्षण के तीन दिन डायट डी.एल.एड. के प्रशिक्षुओं को अबेकस द्वारा गणित की सामान्य संक्रियाओं को हल करना सिखाया गया।
कार्यक्रम के अंतिम दिवस का शुभारंभ समन्वयक बबीता सजवाण द्वारा सभी प्रतिभागियों के स्वागत द्वारा किया गया, जिसके बाद प्रशिक्षु पवनेश द्वारा पिछले दिवस की आख्या प्रस्तुत की गई। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस में संदर्भदाता द्वारा प्रशिक्षुओं को बिग फ्रेंड की अवधारणा बता कर उससे संबंधित संक्रियाओं को हल करने का अभ्यास करवाया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में समन्वयक महोदया एवं प्रशिक्षुओं द्वारा कार्यक्रम के अनुभव साझा किए गए और संदर्भदाता का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
अंत में डायट प्राचार्य द्वारा समय के साथ बदलती शिक्षण विधियों में अबेकस के महत्व को बताते हुए अमूर्त चिंतन के विकास में अबेकस की भूमिका को बताया गया, साथ ही गणितीय संक्रियाओं को हल करने में तेजी और सटीकता को प्राप्त करने में अबेकस के उपयोग को बताते हुए इस आशा के साथ प्रशिक्षण का समापन किया गया कि प्रशिक्षु इसे भविष्य में विद्यालयों तक लेकर जाएंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर संकाय सदस्य हेमू बिष्ट,बी॰के॰मिश्रा,शांति रतूड़ी,बबीता सजवाण एवं गोपाल राणा उपस्थित रहे।


