- हर्षिल पुलिस ने लौटाई परिजनों की मुस्कान, भटकी हुई 5 वर्षीय बालिका सकुशल बरामद
उत्तरकाशी। हर्षिल क्षेत्र के बगोरी गांव से घर से बिना बताए निकल गई 5 वर्षीय बालिका नंदनी को उत्तरकाशी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को बगोरी गांव निवासी 5 वर्षीय नंदनी घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। बालिका के लापता होने की सूचना मिलते ही हर्षिल पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। प्रभारी निरीक्षक हर्षिल प्रदीप तोमर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन शुरू की। पुलिस ने पतारसी-सुरागरसी के साथ स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई।
लगातार तलाश के दौरान पुलिस टीम ने नन्ही बालिका को बगोरी हेलीपैड के समीप से सकुशल बरामद कर लिया। जांच में पता चला कि बच्ची घर का रास्ता भूल जाने के कारण भटक गई थी।
पुलिस ने बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा उन्हें अकेला न छोड़ने की सलाह दी।
बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने उत्तरकाशी पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।


