- जौनपुर ब्लॉक की बीडीसी बैठक में छाये रहे स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, पीडब्ल्यूडी व उद्यान विभाग के मुद्दे
शिवदयाल निराला/थत्यूड़
जौनपुर विकासखंड के ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत जौनपुर की बैठक ब्लाक प्रमुख सीता पंवार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि व लोक निर्माण विभाग उद्यान विभाग सहकारिता उरेडा आदि कई विभागों की समस्याओं के निराकरण के मुद्दे छाये रहे।

बैठक में जिले की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने विभागवार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत ने नैनबाग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का अपग्रेड कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने का मामला उठाया। वहीं ग्राम प्रधान चंद्रप्रकाश चमोली ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा दिलाए जाने का मामला उठाया।
ग्राम प्रधान सुनील सेमवाल ने श्रीकोट में पशुधन अधिकारी नहीं होने का मामला उठाया। क्षेत्र पंचायत सदस्य गंभीर सिंह नेगी ने आवारा घूम रहे टैग लगे पशुओं के मालिकों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिन पवार ने श्रीकोट में विगत 9 साल से उद्यान सचल अधिकारी नहीं होने का मामला उठाया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य गंभीर सिंह नेगी ने सकलाना क्षेत्र में दैविक आपदा में ग्रामीणों के द्वारा बनाए गए रास्तों के भुगतान नहीं होने का मामला उठाया।
जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने दिसंबर माह तक बजट जारी करने का आश्वासन दिया। ग्राम प्रधान राजकुमारी ने आंगनबाड़ी केंद्र विरोड में आंगनबाड़ी भवन नहीं होने का मामला उठाया।
ग्राम प्रधान मुकेश पवार ने केम्प्टी थत्यूड अवशेष 3 किलोमीटर मोटर मार्ग नहीं बनने का मामला उठाया। क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीश कुमार ने लोक निर्माण विभाग के द्वारा हाल ही में भरे गए सड़कों के गड्ढे एक हफ्ते बाद ही उखड़ने का मामला उठाया।
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख जय कृष्ण उनियाल, कनिष्ठ उप प्रमुख मंजू पंवार, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, तहसीलदार विक्रम सिंह पंवार, खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, ममता रावत, ग्राम प्रधान कुलबीर रावत, प्रदीप कवि, सरस्वती रावत, मेनका सजवाण आदि उपस्थित रहे।


