कूणा गांव में गुलदार का आतंक, पालतू गधे को बनाया शिकार, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
नीरज उत्तराखंडी/त्यूणी
तहसील के ग्राम पंचायत कूणा के खेड़ा डौरा क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीती रात गुलदार ने कूणा निवासी मूर्ति सिंह के पालतू गधे को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार गुलदार पिछले कई दिनों से गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगातार देखा जा रहा है तथा पालतू पशुओं पर हमले कर रहा है। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ग्राम पंचायत कूणा ने ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
ग्राम पंचायत की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि रात्रि के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, बच्चों को अकेले बाहर न जाने दें तथा पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधकर रखें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या गुलदार की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को देने का अनुरोध किया गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी जनहानि को रोका जा सके।
“सुरक्षित रहें, सतर्क रहें” का संदेश देते हुए ग्राम पंचायत ने सभी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।


