बारिश का अलर्ट : उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून हुआ एक्टिव, लोगों को भीषण गर्मी से मिली राहत
मुख्यधारा डेस्क
उत्तर भारत में मानसून की एंट्री हो गई है। अच्छी बात है कि मानसून सही दिशा में आगे की ओर बढ़ रहा है। बीते 15 दिनों तक मुंबई और उसके आसपास रुका मानसून बुधवार को उत्तर भारत के राज्यों में सक्रिय हो गया। दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से एक सप्ताह पहले प्रवेश कर गया है जिससे कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हुई है। राजधानी दिल्ली में भी प्री-मानसून एक्टिविटी के कारण रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
बारिश के कारण दिल्ली के लोगों गर्मी से राहत मिली है। गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के बाद मानसून ने राजस्थान-उत्तर प्रदेश में भी एंट्री ले ली है। उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने ललितपुर और सोनभद्र के रास्ते एंट्री ले ली है। 4 साल बाद मानसून अपने तय समय पर आया है। मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 22 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा और अगले दो से तीन दिन में लखनऊ सहित 40 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी, जिससे गर्मी से काफी राहत मिलेगी। मानसून ने 3 दिन में 6 राज्यों को कवर किया है। पूर्वी यूपी के 13 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। अगले 4 दिन दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश होगी। मध्यप्रदेश के 54 जिलों में मानसून पहुंच गया है। आखिरी बचे भिंड जिले में भी आज मानसून की एंट्री हो जाएगी। ग्वालियर और चंबल में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल-इंदौर में भी आंधी-बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन इन राज्यों में बारिश का जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को गुजरात, ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़, कोंकण-गोवा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सौराष्ट्र-कच्छ, कर्नाटक और केरल के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन 20 और 21 जून को इन प्रदेशों में बारिश का अलर्ट किया है।
यह भी पढ़ें : धामी कैबिनेट बैठक में इन प्रस्तावों पर लगी मुहर
शुक्रवार को हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भारी बारिश की चेतावनी है। उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
वहीं शनिवार को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी है।
वहीं हरियाणा में आज 17 जिलों में बारिश का अलर्ट है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की बारिश होगी।
यह भी पढ़ें : लखपति दीदी योजना और हाउस ऑफ हिमालया की ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने की समीक्षा