रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की ली शपथ, छह विधायक भी बनाए गए मंत्री, पीएम मोदी समेत भाजपा और सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहे
मुख्यधारा डेस्क
दिल्ली में आज से भारतीय जनता पार्टी की सरकार शुरू हो गई है। शालीमार बाग से बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता ने रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्हें एलजी वीके सक्सेना ने पद की शपथ दिलाई। इस दौरान मंच पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।
रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं हैं। सीएम के साथ प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली। आज देर शाम तक मंत्रालय और उनका पदभार भी सौंपा जा सकता है।
पंकज सिंह बिहार के रहने वाले हैं और राजपूत चेहरा हैं। इसके अलावा रविंद्र इंद्राज दलित चेहरा हैं। बीजेपी ने सभी वर्गों को कैबिनेट में जगह दी है। दिल्ली में बीजेपी 27 साल बाद सत्ता में वापस आई है। रेखा गुप्ता ने आतिशी का स्थान लिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत कर रहे हैं। 50 से ज़्यादा फ़िल्मी सितारे और उद्योगपति भी वहां मौजूद थे।
प्रमुख देशों के राजनयिकों को भी आमंत्रित किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए शहर के मध्य, उत्तर और नयी दिल्ली क्षेत्रों में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
यह भी पढ़ें : जनता से किए वायदे को पूरा करने वाला है धामी सरकार का कड़ा भू कानून : भट्ट
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई देता हूं। वे एक श्रेष्ठतम कार्यकर्ता हैं, जो दिल्ली की जनता की सभी अपेक्षाओं को निश्चित रूप से पूरा करेंगी। वे प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में विकसित दिल्ली बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। मेरी तरफ से उन्हें बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।