बारिश का अलर्ट : लगातार बारिश के बाद पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी नुकसान, कई लोगों की मौत, उत्तर भारत में भी बरस रहा बादल
मुख्यधारा डेस्क
देश के अधिकांश राज्यों में बारिश के साथ आसमान में बादल छाए हुए हैं। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में मानसूनी बारिश हो रही है वहीं उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में बिना मानसून के आए पानी बरस रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में ऐसा मौसम बना हुआ है।
पिछले पांच दिनों से सबसे ज्यादा खराब स्थिति पूर्वोत्तर राज्यों की है । यहां भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है।
देश के पूर्वोत्तर राज्यों में 29 मई को मानसून ने दस्तक दी थी। 5 दिन बीतने के बाद भी मानसून वहीं ठहरा हुआ है। इसके चलते मणिपुर, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम और सिक्किम में तेज बारिश हो रही है।
असम में 22 जिलों के 1254 गांवों के 5.35 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़-लैंडस्लाइड में अब तक 11 लोगों की मौत हुई है। 15 नदियां उफान पर हैं। सड़क, रेल और बोट सर्विस प्रभावित है। कुल 165 राहत शिविरों में 31 हजार 212 लोग ठहराए गए हैं।
उत्तरी सिक्किम के लाचेंग-चुंगथांग कस्बों में लैंडस्लाइड के कारण फंसे 1678 टूरिस्ट्स रेस्क्यू किए गए। 100 से ज्यादा अभी भी यहां फंसे हैं। मंगन जिले में बाढ़ को आपदा घोषित किया गया है। 31 मई की शाम जिले के छातेन में मिलिट्री कैंप पर लैंडस्लाइड में 3 जवानों की मौत हुई थी। लापता 6 जवानों की तलाश जारी है। देश के पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले दो दिनों तक इन राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। वहीं, अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी और तेज/तूफानी हवाओं के साथ वर्षा जारी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान मिजोरम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गईं। आईएमडी ने अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में अधिकांश स्थानों पर हल्की/मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। गुवाहाटी स्थित भारतीय मौसम विभाग के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने कहा है कि असम के अधिकांश स्थानों पर मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान है।
बता दें असम में बाढ़ की स्थिति सोमवार को भी गंभीर बनी रही और राज्य के कई हिस्सों में जलस्तर बढ़ गया।
इसके अलावा आइजोल जिले में पिछले कुछ दिनों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण जिले के विभिन्न स्थानों पर मिट्टी का बहाव, भूस्खलन, चट्टानें गिरने और अन्य आपदाएँ हुईं इसलिए आइजोल जिला प्रशासन ने जिले के सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिया कि वे 2 जून को अपने संबंधित स्कूल बंद रखें। वहीं, मणिपुर में भी भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।
उत्तर भारत में भी लगातार हो रही बारिश, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक किया अलर्ट
उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम की बात की जाए तो, 2 से 3 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कई/कुछ स्थानों पर हल्की/मध्यम वर्षा, गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तराखंड के सभी जिलों के अधिकतर हिस्सों में आज मंगलवार भी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। जबकि देहरादून, पौड़ी और रुद्रप्रयाग जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून के लिए बारिश व तेज हवाओं का येलो और पौड़ी व रुद्रप्रयाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर और पिथौरागढ़, नैनीताल, चम्पावत, अल्मोड़ा, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में तेज गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। आने वाले दिनों की बात करें तो छह जून तक प्रदेश भर में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। सात व आठ जून को उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा।
राजस्थान में सोमवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो गया। इस सिस्टम का असर मंगलवार को ज्यादा रहेगा। आज प्रदेश के 21 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 10 जिलों में यलो अलर्ट है। 4, 5 और 6 जून को भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सोमवार को जयपुर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, भरतपुर, झुंझुनूं और श्रीगंगानगर में दोपहर बाद बारिश हुई।
मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी है। मई के बाद जून में भी अधिकतर जिलों में बारिश हो रही है। सोमवार को भोपाल, इंदौर, रतलाम-धार समेत कई जिलों में मौसम बदला रहा। मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। बिहार के 6 जिलों में आज हल्की बारिश के आसार हैं। इन इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटे में सीवान, छपरा, सहरसा और पूर्णिया में तेज हवा के साथ आंधी चली और तेज बारिश भी हुई।
इस दौरान सीवान में दीवार-पेड़ गिरने से अलग-अलग थाना इलाकों में 2 महिलाओं समेत 7 लोगों की मौत हो गई।हरियाणा के सभी जिलों में आज मौसम खराब होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के 5 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि, 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।
मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। मौसम विभाग ने आज भी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 30 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इस दौरान तेज आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है, जिससे मौसम सुहाना रहेगा।
यह भी पढ़ें : रिकार्ड: महीने में श्री केदारनाथ धाम यात्रा में 200 करोड़ का कारोबार