Image Image

देहरादून के आठ जाँबाज साइक्लिस्टों ने पूर्ण की 600 किमी. की कठिन बीआरएम राइड

Mukhyadhara
IMG 20261115 WA0032 1
  • देहरादून के आठ जाँबाज साइक्लिस्टों ने पूर्ण की 600 किमी की कठिन बीआरएम राइड
  • स्वाति आले, निखिल ठाकुर और अभिषेक गुसांईं बने ‘सुपर रैंडोन्योर’ (SR)

देहरादून/मुख्यधारा

देवभूमि उत्तराखंड के साइक्लिंग जगत में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। ऑडेक्स इंडिया रैंडोन्योर्स (Audax India Randonneurs) के तत्वावधान में पहाड़ी पैडलर्स (Pahadi Pedallers), देहरादून द्वारा आयोजित अत्यंत कठिन 600 किलोमीटर बीआरएम (BRM) एंड्योरेंस साइक्लिंग राइड को शहर के आठ जाँबाज साइक्लिस्टों ने सफलतापूर्वक पूरा कर दिखाया है।

14 नवंबर को शुरू हुई इस लंबी और चुनौतीपूर्ण यात्रा का समापन आज 15 नवंबर को देहरादून में हुआ। कड़ाके की ठंड, रात के अंधेरे और कठिन चढ़ाइयों-उतराइयों को पार करते हुए सभी राइडर्स ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी मंजिल हासिल की।

motion photo 5362554461673697333

तीन साइक्लिस्टों के सिर सजा ‘सुपर रैंडोन्योर’ (SR) का ताज
​इस 600 किलोमीटर की राइड को पूरा करने के साथ ही एक ही कैलेंडर वर्ष में 200, 300, 400 और 600 किलोमीटर की चारों कठिन बीआरएम राइड्स पूरी कर देहरादून के तीन साइक्लिस्टों ने प्रतिष्ठित ‘सुपर रैंडोन्योर’ (Super Randonneur – SR) का खिताब अपने नाम किया है।

स्वाति आले – उत्तराखंड से पहली महिला ‘सुपर रैंडोन्योर’ (SR): स्वाति आले ने यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर उत्तराखंड से पहली महिला SR बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनकी यह उपलब्धि उत्तराखंड की महिला खिलाड़ियों और साइक्लिस्टों के लिए प्रेरणा की एक नई मिसाल कायम की है।

​निखिल ठाकुर (59 वर्ष)- उम्र और सर्जरी को मात देने वाला जज़्बा: 58 वर्ष की आयु में बीआरएम साइक्लिंग की शुरुआत कर महज एक साल के भीतर 59 वर्ष की उम्र में अपना SR पूरा करने वाले निखिल ठाकुर की कहानी हर किसी के लिए प्रेरणास्रोत है। स्पाइन (रीढ़) और हाथ की मेजर सर्जरी होने के बावजूद-जहाँ उनका हाथ पूरी तरह ऊपर भी नहीं उठ पाता- उन्होंने अदम्य इच्छाशक्ति के बल पर यह कठिन लक्ष्य हासिल कर दिखाया।
अभिषेक गुसांईं- निरंतर अनुशासन और साहस की जीत: शानदार एंड्योरेंस और मजबूत संकल्प का परिचय देते हुए अभिषेक गुसांईं ने भी चारों बीआरएम राइड्स सफलतापूर्वक पूरी कर अपना सुपर रैंडोन्योर (SR) खिताब हासिल किया।

जब फिनिश लाइन पर दिखा परिवार का अटूट साथ और जश्न

इस आयोजन का सबसे भावुक और प्रेरणादायक दृश्य तब देखने को मिला जब निखिल ठाकुर के इस ऐतिहासिक मुकाम का जश्न मनाने के लिए उनका पूरा परिवार-उनकी पत्नी और बच्चे-फिनिश पॉइंट पर पहुँचे। स्वयं भी एक साइक्लिस्ट (राइडर) होने के नाते उनकी पत्नी इस सफ़र की चुनौतियों को बखूबी समझती हैं।

परिवार के सदस्य विशेष रूप से केक लेकर आए और फिनिश लाइन पर सभी साथी राइडर्स के बीच केक काटकर इस शानदार सफलता का जश्न मनाया गया। यह दृश्य इस बात का जीवंत प्रमाण बना कि जब पूरा परिवार एकजुट होकर किसी खिलाड़ी के साथ खड़ा होता है, तो बड़ी से बड़ी शारीरिक और मानसिक बाधा भी आसान हो जाती है।

फिनिश लाइन पर साझा किए गए राइडर्स के प्रेरक संस्मरण

राइड पूरी करने के बाद फिनिश पॉइंट पर राइडर्स ने अपनी इस लंबी यात्रा के अनमोल अनुभव और दिल छू लेने वाले संस्मरण साझा किए।

निखिल ठाकुर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके जीवन का मूल मंत्र “जोश, जज़्बा और जुनून” है। उन्होंने बताया कि राइड से दो दिन पहले तबीयत खराब होने और परिवार की स्वाभाविक चिंता के बावजूद उनके भीतर यह जुनून था कि इसी साल अपना SR पूरा करना है।

उन्होंने यह भी साझा किया कि साइक्लिंग से परिवार के साथ जुड़ाव और भी गहरा होता है- जब 200 किमी राइड के बाद बच्चों ने उनके लिए विशेष संदेश और प्यार भेजा, तो वह पल बेहद भावुक कर देने वाला था।

​600 किमी के अन्य फिनिशर साथियों ने भी बताया कि रात भर बिना सोए सफ़र तय करना शारीरिक क्षमता से ज़्यादा मानसिक दृढ़ता की परीक्षा होती है। हालांकि बेहतर सड़कों, अनुकूल मौसम और साथी राइडर्स के आपसी सहयोग ने इस कठिन सफ़र को यादगार बना दिया। सभी ने युवाओं व फिटनेस प्रेमियों से अपील की कि वे भी इस तरह की एंड्योरेंस राइड्स में भाग लेकर अपने भीतर की असीम क्षमता को ज़रूर परखें।
​

600 किमी बीआरएम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी राइडर्स ​इस कठिन 600 किलोमीटर की बीआरएम राइड को निखिल ठाकुर, स्वाति आले, अभिषेक गुसाईं, नमन भंडारी, दीपक सिंह रावत, सुधांशु नौटियाल, नितिन कुमार और अपूर्व सकलानी ने सफलतापूर्वक पूरा किया है।

पूरी इस यात्रा का संचालन देव बहादुर, एवं अशोक लिम्बु ने किया. और पहाड़ी पैडलर की एक टीम देहरादून से पूरी यात्रा पर नजर बनाये थी।

देहरादून की साइकलिंग कम्युनिटी के लोग भी उनके स्वागत के लिए फिनिश लाइन पर आए और उन्होंने सबको बधाई दी। क्षेत्रवासियों ने इन सभी जाँबाज साइक्लिस्टों और विशेष रूप से तीनों नए सुपर रैंडोन्योर्स (SR) को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएँ!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्री दरबार साहिब में टेका मत्था

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्री दरबार साहिब में टेका मत्था श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज से की शिष्टाचार भेंट उत्तराखंड के समसामयिक विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा देहरादून/मुख्यधारा उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह […]
IMG 20261116 WA0015

यह भी पढ़े