- नैटवाड़-मोरी जलविद्युत परियोजना का आज शटडाउन, टोंस नदी में छोड़ा जाएगा 100 से 150 क्यूमेक्स पानी
नीरज उत्तराखंडी/मोरी (उत्तरकाशी)
नैटवाड़-मोरी जलविद्युत परियोजना (Naitwar Mori HPS) में बैराज पर बढ़ी सिल्ट की मात्रा के कारण रविवार को परियोजना का निर्धारित शटडाउन किया गया है। परियोजना प्रबंधन के अनुसार सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बैराज की फ्लशिंग का कार्य किया जाएगा।
परियोजना प्रबंधन ने बताया कि बैराज में सिल्ट बढ़ने से प्लांट में हेड लॉस बढ़ गया है। इसी को देखते हुए बैराज की फ्लशिंग के लिए परियोजना को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

फ्लशिंग कार्य के दौरान टोंस नदी में करीब 100 से 150 क्यूमेक्स पानी प्रवाहित किया जाएगा। जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए परियोजना प्रबंधन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों, ग्रामीणों तथा अन्य नागरिकों से नदी से उचित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
बैराज प्रभारी, एनएमएचपीएस मोरी, एसजेवीएन लिमिटेड की ओर से जारी जनहित सूचना में नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई है।
जनसुरक्षा के दृष्टिगत परियोजना प्रबंधन ने नदी में जाने अथवा नदी के आसपास अनावश्यक रूप से रुकने से बचने की सलाह दी है।


