- चकराता वन प्रभाग के बावर रेंज में भीषण वनाग्नि, कूणा ग्राम पंचायत के कई जंगल धधके
नीरज उत्तराखंडी/त्यूणी, मुख्यधारा
चकराता वन प्रभाग के बावर रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत कूणा के खेड़ा, जरसू ,बौराड़ और डौंरा क्षेत्र के जंगलों में भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते व्यापक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वन संपदा, वन्यजीवों और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार दोपहर बाद जंगलों से उठता धुआं और आग की तेज लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। तेज गर्मी, सूखी वनस्पतियों और हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
#ग्रामीणों ने बताया कि आग के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कई स्थानों पर चीड़ के जंगलों में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के गांवों तक धुएं का असर महसूस किया गया। आग बुझाने में वन कर्मियों के साथ स्थानीय युवा और ग्रामीण भी देर शाम तक जुटे रहे।
भीषण आग की चपेट में आने से क्षेत्र के कई सेब एवं नाशपाती के बगीचों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा ग्रामीणों की कई छानियां भी आग में जलकर स्वाहा हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि दुर्गम क्षेत्र और तेज हवाएं राहत कार्य में बाधा बन रही हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बड़ी मात्रा में वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। आग लगने के कारणों की जांच भी की जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि गर्मियों के दौरान जंगलों में आग रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था, पर्याप्त संसाधन और त्वरित राहत व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके।


