अलर्ट: उत्तराखंड में 26-27 सितंबर को रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील, कई जिलों के स्कूलों में शनिवार को अवकाश घोषित

Mukhyadhara
IMG 20260925 WA0010
  • 26 और 27 सितंबर को रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित रहेंः मुख्यमंत्री
  • मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की
  • सभी जिलाधिकारी 24×7 अलर्ट मोड पर रहें, राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखेंः मुख्यमंत्री

देहरादून/लोक संस्कृति

कई दिनों की तपिश के बाद एक बार फिर उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली है। इसके चलते मौसम विभाग द्वारा 26 एवं 27 सितंबर को प्रदेश के कई जनपदों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट को देखते हुए कई जिलों में शनिवार 26 सितंबर को स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में संबंधित जिलाधिकारियों द्वारा आदेश जारी कर दिए गए है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 26 एवं 27 सितंबर को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेड अलर्ट की अवधि में अनावश्यक यात्रा से बचें और बहुत जरूरी होने पर ही मौसम एवं सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद यात्रा करें। उन्होंने पर्यटकों से भी अपील की कि मौसम की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गाड़-गदेरों, बरसाती धाराओं एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाएं और तेज बहाव में प्रवेश करने का प्रयास न करें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए संवेदनशील सड़कों एवं स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों को नदी-नालों एवं अन्य जोखिम वाले स्थानों के आसपास न जाने दें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से दुरुस्त रखी जाएं। राहत एवं बचाव दल, आवश्यक उपकरण, जेसीबी एवं अन्य मशीनरी को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखने के साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नदी-नालों के जलस्तर, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पर्वतीय मार्गों, चारधाम यात्रा मार्गों एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने आमजन से अपील की कि घबराएं नहीं, लेकिन पूरी सतर्कता बरतें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचित करें और स्वयं भी सुरक्षित रहें तथा दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।

इन जिलों के स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार को अवकाश घोषित

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा आज 25 सितम्बर 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, दिनाँक 26 सितम्बर 2026 को उत्तराखण्ड राज्य के कई जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की सम्भावना व्यक्त की गयी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम चेतावनी के क्रम में विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत दिनांक 26 सितम्बर 2026 (शनिवार) को जनपद पिथौरागढ़, नैनीताल बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा व रुद्रप्रयाग जनपद में कक्षा 01 से कक्षा 12 तक संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों एवं समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया जाता है। मुख्य शिक्षा अधिकारी उक्त आदेश का अनुपालन कराना सुनिश्चित करेंगे।

FB IMG 1790336622534 FB IMG 1790336078235 FB IMG 1790336012385 FB IMG 1790336002797

FB IMG 1790354567093

FB IMG 1790352880880

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

विकासखण्ड डोईवाला परिसर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लोगों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं

विकासखण्ड डोईवाला परिसर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लोगों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं विधायक बृज भूषण गैरोला ने किया शिविर का शुभारम्भ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हितेश शर्मा ने स्वास्थ्य सेवाओं का किया निरीक्षण डोईवाला/मुख्यधारा विकासखण्ड डोईवाला के परिसर […]
IMG 20260925 WA0022

यह भी पढ़े