- जिज्ञासा विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय अनुसंधान एवं नवाचार सम्मेलन का सफल आयोजन
- उत्कृष्ट शोध प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
देहरादून/मुख्यधारा
जिज्ञासा विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित तृतीय राष्ट्रीय बहुविषयी अनुसंधान एवं नवाचार सम्मेलन (एनसीएमआरआई–2026) का सफल आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह सम्मेलन विश्वविद्यालय के रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल द्वारा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
सम्मेलन का आयोजन अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) इरफ़ान खान के मार्गदर्शन एवं प्रति-कुलपति प्रो. (डॉ.) संदीप कौटिश के शैक्षणिक नेतृत्व में किया गया।

सम्मेलन का संयोजन प्रो. (डॉ.) मनीष शर्मा, डीन–रिसर्च एवं निदेशक–आईक्यूएसी द्वारा किया गया, जबकि डॉ. मोहम्मद फैसल एवं प्रो. प्रवीण कुमार अशोक ने समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के विभिन्न संस्थानों से शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सम्मेलन के अंतर्गत विशेषज्ञ व्याख्यान, तकनीकी सत्र एवं शोध पत्र प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उभरती प्रौद्योगिकियों, पर्यावरण विज्ञान, सतत विकास, स्वास्थ्य, प्रबंधन एवं अन्य बहुविषयी अनुसंधान क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया गया।
सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित ऑफलाइन एवं ऑनलाइन मौखिक शोध पत्र प्रस्तुति सत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उनके शोध कार्यों एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया गया।
इस श्रेणी में सम्मानित प्रतिभागियों में डॉ. स्तुति पाठक (एमएमडीयू, अंबाला), सुश्री इकरा सुभान (एएमयू, अलीगढ़), डॉ. सर्वेश रस्तोगी (डीबीयू, देहरादून), लक्ष्मी (जिज्ञासा विश्वविद्यालय, देहरादून), कशिश पुष्कर (जिज्ञासा विश्वविद्यालय), समीक्षा एवं रियाज (जिज्ञासा विश्वविद्यालय) तथा तानिष्का (जिज्ञासा विश्वविद्यालय) शामिल रहे। इन प्रतिभागियों ने अपने शोध विचारों, विषय की गहन समझ एवं प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) मनीष शर्मा ने सम्मेलन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के नेतृत्व, आमंत्रित वक्ताओं, सत्र अध्यक्षों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने डॉ. आभा शर्मा, डॉ. फाल्गुनी पोखरियाल, डॉ. ईशा वत्स, अरविंद, दिवजोत कौर, डॉ. अलका गौड़ सहित आयोजन समिति के अन्य सभी सदस्यों ज्योति, डॉ. निशा अग्रि, पवन किशोर गौड़, मनीष थपलियाल, आयुषी ठाकुर एवं राहुल गैरोला के समर्पण एवं सहयोग की सराहना की।
इस दौरान रजिस्ट्रार डॉ. जशनदीप सिंह, सीएफओ अनूप चतुर्वेदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि एनसीएमआरआई–2026 जैसे आयोजन अनुसंधान, नवाचार, ज्ञान-साझाकरण तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सम्मेलन का सफल आयोजन जिज्ञासा विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।




