दु:खद (Tuni fire) : उत्तराखंड में एक घर में आग लगने से चार बच्चों की जिंदा जलकर मौत, सिलेंडर फटने से हुआ हादसा, देखें वीडियो - Mukhyadhara

दु:खद (Tuni fire) : उत्तराखंड में एक घर में आग लगने से चार बच्चों की जिंदा जलकर मौत, सिलेंडर फटने से हुआ हादसा, देखें वीडियो

admin
IMG 20230407 WA0009

दु:खद (Tuni fire): उत्तराखंड में एक घर में आग लगने से चार बच्चों की जिंदा जलकर मौत, सिलेंडर फटने से हुआ हादसा

  • घटना की मजिस्ट्रियल जांच के जांच के आदेश

नीरज उत्तराखंडी/त्यूनी

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के चकराता ब्लॉक की तहसील त्यूणी में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। त्यूणी में स्थित एक घर में भीषण आग लगने से 4 मासूम बच्चियों की मौत हो गई।

मुख्य बाजार त्यूनी, तहसील त्यूनी में 6 अप्रैल 2023 को लगभग सांय 04 बजे 02 मंजिला आवसीय भवन में रसोई गैस लीक होने से आग लगने एवं सिलेण्डर फटने के कारण घटना में 04 बच्चों की मृत्यु हो गई।

मृतकों में अधिरा, पुत्री विकेश उम्र लगभग 2 वर्ष 6 माह निवासी पराला धारगढी, तहसील त्यूनी देहरादून। सीजल पुत्री विकेश उम्र लगभग 2 वर्ष 6 माह निवासी पराला थारगढी, तहसील त्यूनी देहरादून। समृधि पुत्री जयलाल, उम्र 9 वर्ष निवासी विकराड़ तहसील नेहरूया, हिमाचल प्रदेश। सोनम पुत्री त्रिलोक, उम्र 9 वर्ष निवासी नूनस तहसील त्यूनी देहरादून।

घटना स्थल पर जिला प्रशासन, पुलिस टीम थाना त्यूनी फायर सर्विस त्यूनी एवं हिमाचल, एस०डी०आर०एफ० टीम मोरी (उत्तरकाशी) 108 एम्बुलेंस सेवा द्वारा मौके पर पहुँच कर राहत एवं बचाव कार्यवाही की गयी। स्थानीय ग्रामीणों / निवासियों द्वारा भी राहत बचाव कार्य में सहयोग दिया गया।

डिप्टी कलेक्टर युक्ता मिश्रा ने बताया कि ये घटना देहरादून के चकराता तहसील के त्यूणी इलाके में हुई है। मिश्रा ने कहा कि आग संभवतः गैस सिलेंडर के फटने की वजह से लगी है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जा सकेगी।

उन्होंने गुरुवार शाम घटना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर रवाना किया गया। करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब कर लकड़ी की बनी पूरी इमारत जल कर खाक हो चुकी थी। जिला प्रशासन ने हादसे में चार बच्चियों के मारे जाने की पुष्टि की है।

डिप्टी कलेक्टर युक्ता मिश्रा ने बताया कि जिस मकान में आग लगी उसमें दो परिवार रहते हैं। हादसे के समय मृतक बच्चियों की माएं कपड़ा धोने घर से बाहर गई थीं। आग लगने के वक्त घर में बच्चियों के अलावा एक पुरुष और एक लड़का भी था। वे दोनों घर से बाहर निकलने में कामयाब रहे लेकिन बच्चियां वहां से नहीं निकल पाईं।

मृतक बच्चियों में ढ़ाई साल की अधिरा, साढ़े पांच साल की सौजल और 9-9 साल की सोनम व समृद्धि शामिल हैं।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर कहा कि चकराता स्थित त्यूणी पुल के पास 4 मंजिला मकान में आग लगने से कुछ लोगों के वहां फंसे होने का समाचार मिला। मैं वहां रह रहे परिवारों की कुशलता की कामना करता हूं।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया- विकासखंड चकराता, जिला देहरादून के त्यूणी में पुल के पास एक घर में भीषण आग लगने से 4 मासूम बच्चों की अकस्मात मृत्यु का समाचार सुनकर मुझे अत्यंत दु:ख हुआ। मैं, उन शोक संतप्त परिजनों तक अपनी संवेदना संप्रेषित करता हूं। भगवान, सभी बच्चों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं उनके परिजनों को इस महान दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति‌‌, शांति।

जिलाधिकारी ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के जांच के आदेश दिए।

Next Post

Eco tourism in Uttarakhand: उत्तराखंड में ईको टूरिज्म को रोजगार से जोड़ने की कवायद, मुख्य सचिव ने दिए ये निर्देश

Eco tourism in Uttarakhand: उत्तराखंड में ईको टूरिज्म को रोजगार से जोड़ने की कवायद, मुख्य सचिव ने दिए ये निर्देश देहरादून/मुख्यधारा मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने गुरुवार को सचिवालय में वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर ईको […]
eco

यह भी पढ़े