पहलगाम आतंकी हमला: 27 सैलानियों की बेरहमी से की गई हत्या के बाद देश में गुस्सा, अमित शाह घाटी में डटे, पीएम मोदी विदेश दौरा छोड़ सुबह लौटे, बड़े एक्शन की तैयारी
मुख्यधारा डेस्क
पूरे देश भर में गुस्सा है। 14 फरवरी साल 2019 को सीआरपीएफ जवानों पर हुए अटैक के बाद आतंकियों ने घाटी में सबसे बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। कायराना हरकत करते हुए आतंकवादियों ने सीधे सैलानियों को निशाना बनाया।

आतंकियों ने घाटी घूमने आए 27 निर्दोष नागरिकों को मौत की नींद सुला दिया। घटना के बाद जो वीडियो आए हैं वह पूरे देश को झकझोर गए। घटनास्थल पर बहुत ही खौफनाक मंजर दिखाई दिया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आतंकियों ने कितनी बेरहमी से लोगों को गोली से छलनी किया है। अपनों को खोने के बाद कई महिलाएं इस पूरे वारदात को रोते हुए बता रही हैं।
जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली समेत पूरे भारत भर में आज आतंकियों के हमले के विरोध में हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सख्त लहजे में कहा आतंकवादियों को इस हरकत के लिए मुंहतोड़ जवाब देंगे।
यह भी पढ़ें : एनडीएमए की टीम ने किया माणा हिमस्खलन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और विपक्ष के नेताओं ने इस आतंकी हमले की बहुत ही कड़े शब्दों में निंदा की है। अटैक के बाद देश के अन्य शहरों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार की दोपहर आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया जिसमें दो विदेशी पर्यटकों समेत 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। हमले की जिम्मेदारी कश्मीर में आतंक का नया पर्याय बने लश्कर- ए-तैयबा के हिट स्क्वॉड द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली है। हमले के समय आतंकी भी आर्मी यूनिफॉर्म में आए थे, इस वजह से जब जवान पहुंचे तो टूरिस्ट्स घबरा गए, जवानों को कहना पड़ा- हम इंडियन आर्मी हैं, घबराएं नहीं।

मृतकों में यूपी, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक हैं। नेपाल और यूएई के एक-एक टूरिस्ट और 2 स्थानीय भी मारे गए।पहलगाम में आतंकी हमले के बाद लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहा है। पर्यटकों पर फायरिंग के बाद भागे आतंकियों की तलाश जारी है।
आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार एक्शन में, गृहमंत्री अमित शाह कश्मीर पहुंचे
आतंकी हमले के बाद सरकार एक्शन में है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार रात ही श्रीनगर पहुंचे। आज पहलगाम में घटनास्थल का जायजा लेंगे।
वहीं पीएम मोदी भी सऊदी अरब की यात्रा से भारत लौट आए हैं। संभावना है कि वह आज जम्मू-कश्मीर जाएं। अमित शाह ने आतंकी वारदात को लेकर कहा कि इस जघन्य आतंकी हमले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और हम अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देंगे।
यह भी पढ़ें : सकुशल चारधाम यात्रा के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना है : गढ़वाल आयुक्त
गृह मंत्री अमित शाह ने सभी एजेंसियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की। पहलगाम में मारे गए सभी 27 पर्यटकों के शव श्रीनगर लाए गए हैं। गृह मंत्री अमित शाह मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से घाटी के सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। जम्मू-कश्मीर में 2019 के पुलवामा अटैक के बाद ये सबसे बड़ा हमला है। पुलवामा में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे।नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी शाह से फोन पर बातचीत की है। अमेरिका, ईरान, रूस, इटली, यूएई सहित अन्य देशों ने पहलगाम हमले की निंदा की है।
पहलगाम हमले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा कि कश्मीर से बहुत परेशान करने वाली खबर आई है। आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ अमेरिका मजबूती से खड़ा है। हम मारे गए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और भारत के अविश्वसनीय लोगों को हमारा पूरा समर्थन और गहरी सहानुभूति है। हमारी संवेदनाएं आप सभी के साथ हैं।
सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़कर लौट पीएम मोदी ने दिल्ली एयरपोर्ट पर की हाईलेवल मीटिंग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब का दो दिन दौरा छोड़ बुधवार सुबह भारत लौट आए हैं। पीएम मोदी सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान के साथ द्विपक्षीय बैठक में शामिल होने के बाद बाकी कार्यक्रम छोड़ कर आज सुबह देश वापस लौट आये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर के पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, एनएसए अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और अन्य अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट पर ही एक बैठक की।
यह भी पढ़ें : इंजीनियरिंग कॉलेज में तय मानकों के अनुसार फैकल्टी की तैनाती की जाए : धामी
जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी की सऊदी अरब यात्रा से वापसी के तुरंत बाद ये बैठक बुलाई गई है। इस उच्च स्तरीय बैठक में हमले की गंभीरता, अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और सुरक्षा रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। पीएम मोदी और सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने जम्मू कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की थी। दो दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को जेद्दा पहुंचे मोदी ने कश्मीर की स्थिति का आकलन किया। इस वजह से वह क्राउन प्रिंस के साथ अपनी निर्धारित बैठक कम से कम दो घंटे की देरी से शुरू कर पाये। कश्मीर के पहलगाम में एक आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। यह 2019 में पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमला है।
पीएम मोदी ने सऊदी क्राउन प्रिंस के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, लेकिन आधिकारिक रात्रिभोज में शामिल नहीं हुए और अपनी यात्रा को बीच में ही समाप्त करके मंगलवार रात को स्वदेश लौटने का फैसला किया। पहले उनका बुधवार रात को भारत लौटने का कार्यक्रम था।
यह भी पढ़ें : मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री घोषणाओं के सम्बन्ध में बैठक आयोजित


