- 215 करोड़ की विकास योजनाओं से संवरेगा बर्नीगाड़
- मुख्यमंत्री ने किया सेवा सेतु अभियान में प्रतिभाग
नीरज उत्तराखंडी
बर्नीगाड़/उत्तरकाशी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में आयोजित सेवा सेतु अभियान के जिलावार शिविर में प्रतिभाग किया।
इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का उद्घाटन किया और क्षेत्र के लिए करीब 215 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू कराने सहित मिनी स्टेडियम और मोटर मार्ग निर्माण जैसी घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों को चेक और उपकरण वितरित किए। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और पात्र लोगों को मिल रहे लाभ की जानकारी भी ली।
सरकार खुद पहुंच रही जनता के द्वार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना और शासनादेश जारी करना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान इसी संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है।
उन्होंने कहा कि बर्नीगाड़ में स्वीकृत और संचालित विकास योजनाएं क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा देंगी।

महाविद्यालय भवन, मिनी स्टेडियम और सड़क की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्नीगाड़ महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और इसके स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम, बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की।
डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल और सड़क निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने की बात कही गई। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, पुरोला और चिन्यालीसौड़ के उच्चीकरण की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।
महिलाओं और युवाओं के सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से महिलाओं, युवाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी योजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर मिली है।
चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
विधायक ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री के बर्नीगाड़ आगमन पर उनका आभार जताते हुए कहा कि करीब 215 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं और राजकीय महाविद्यालय के उद्घाटन से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, खेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों और युवाओं को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।




