स्याह हकीकत: (सौंग घाटी saung ghati) : घुत्तु क्षेत्र की गर्भवती महिला ने रास्ते में ही दिया बच्चे को जन्म, अभी तक नहीं पहुंची सड़क - Mukhyadhara

स्याह हकीकत: (सौंग घाटी saung ghati) : घुत्तु क्षेत्र की गर्भवती महिला ने रास्ते में ही दिया बच्चे को जन्म, अभी तक नहीं पहुंची सड़क

admin
IMG 20220727 WA0012

विकट परिस्थितियों में बीमार को कुर्सी / चारपाई के सहारे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर, मालदेवता व देहरादून तक पहुंचाते हैं ग्रामीण

जगदीश ग्रामीण 

यूं तो उत्तराखंड को धरती पर स्वर्ग कहा जाता है, किंतु स्याह हकीकत यह है कि पहाड़ की महिलाओं के लिए पहाड़ पर पहाड़ जैसी जटिल समस्याएं भी कम नहीं हैं। जिनसे उन्हें हर दिन दो-चार होना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला सौंग घाटी – घुत्तू क्षेत्र का सामने आया है, जिसमें एक महिला ने यातायात सुविधा के अभाव में बच्चे को रास्ते में ही जन्म दिया। ईश्वरानुकम्पा से जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

25 जुलाई को प्रातः (saung ghati) ग्राम पंचायत “हल्द्वाड़ी” के गंन्धक पानी (सेरा) की एक गर्भवती महिला संगीता देवी पत्नी दिनेश सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर के लिए परिजनों के साथ निकली। गर्भवती महिला कुछ किलोमीटर गंन्धक पानी से रंगड़ गांव तक पैदल चलते-चलते थक गईं। विषम परिस्थितियों में महिला ने बच्चे को रास्ते में ही जन्म दे दिया। किसी तरह स्थानीय लोगों ने मदद कर उनको दुकान के एक कमरे में आश्रय दिया और महिला ने वहीं बच्चे को जन्म दिया।

बताते चलें कि यह क्षेत्र विधानसभा डोईवाला और विधानसभा धनोल्टी और विकासखंड रायपुर,  विकासखंड जौनपुर व विकासखंड चंबा का सीमावर्ती क्षेत्र है।

आमतौर पर बरसात के मौसम में घुत्तू क्षेत्र चर्चाओं में बना रहता है। यह क्षेत्र सौंग नदी(saung ghati) के तट पर स्थित है और आज भी सड़क, स्वास्थ्य और संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।

यह क्षेत्र देहरादून से मात्र केवल 15 किलोमीटर की दूरी पर हैं। राजधानी के समीप होने पर भी यहां पर आज तक किसी प्रकार की सुविधाएं यहां के लोगों को नहीं मिल पाई हैं।

यहां पर स्थानीय शासन प्रशासन को क्षेत्र की किसी भी प्रकार की असुविधाओं की कोई खबर ही नहीं रहती है। शासन प्रशासन यहां पर अपनी जिम्मेदारियों से दूर भागता नजर आताः है। कई बार आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं।

बरसात में इन दिनों सौंग नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ जाता है जिससे कि क्षेत्रवासियों की वैकल्पिक सड़क मालदेवता से गन्धकपानी वाली बाधित हो जाती है। ऐसे में क्षेत्रवासियों के पास एक ही मात्र विकल्प होता है पैदल यात्रा। ऐसा जोखिम भरा सफर आए दिन क्षेत्र के लोग दूर-दूर से तय करते हैं।

ग्राम पंचायत पसनी, सेरा, रगड़ गांव, कुण्ड, तौलियाकाटल, घुड़साल गांव, लडवाकोट के ग्रामीण यहां से 10-10 और 12-12 किलोमीटर सौंग नदी के किनारे पैदल चलकर देहरादून के लिए अपना सफर तय करते हैं।

अनिल सिंह ऐरला (प्रधान ग्राम पंचायत सेरा) ने बताया कि बरसात में आए दिन ऐसी घटनाएं यहां पर आम बात है। हर बरसात के मौसम में तीन-चार माह यहां बहुत ही विकट परिस्थितियां हो जाती हैं। ऐसी विकट परिस्थितियों में बीमार हो जाने पर उपचार के लिए मरीज को कुर्सी या चारपाई के सहारे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर, मालदेवता या देहरादून पहुंचाया जाता है, क्योंकि यहां पर किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं हैं।

यहां के लोग आज भी अपना जीवन विषम परिस्थितियों में व्यतीत कर रहे हैं और अपनी जान को जोखिम में डालकर पैदल ही शहर का सफर तय करना मात्र एक विकल्प है। उन्होंने शासन प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

अनिल सिंह ऐरला ने बताया कि मूलभूत सुविधाओं की कमी के लिए गांव के लोग स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इसका जिम्मेदार ठहराते हैं, जबकि सड़क, संचार स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए विधायकों, सांसदों को सत्ता में लाया जाता है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का स्तर है सिर्फ शासन प्रशासन से क्षेत्र के विकास के लिए मांग करना और हम मांग आज से नहीं कई वर्षों से करते आ रहे हैं, किंतु शासन-प्रशासन इतना लापरवाह हो गया है कि क्षेत्र की आवाज उनके कानों तक पहुंच ही नहीं रही है।

अनिल सिंह कहते हैं कि ये हम लोगों का दुर्भाग्य है कि राजधानी के इतने नजदीक होते हुए भी आज अपना जीवन ऐसी विकट परिस्थितियों में काट रहे हैं, मानो हम 18वीं सदी में अपना जीवन यापन कर रहे हों। आज की 21वीं सदी विकास की सदी है, किंतु वह विकास की झलक हम नहीं देख पा रहे हैं, क्योंकि हम आज भी अपना जीवन वैसे ही यापन कर रहे हैं जैसे हमारे पूर्वज करते आए हैं। यह बहुत चिंता की बात है। क्षेत्रवासियों ने भी शासन-प्रशासन से क्षेत्र में मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की है।

 

  • यदि आपके क्षेत्र में भी इस तरह की समस्याएं हैं तो मुख्यधारा के व्हाट्सएप नंबर 94583 88052  पर फोटो सहित पूरी डिटेल भेजें।

 

यह भी पढें : video : लच्छीवाला टोल प्लाजा पर दुर्घटना (accident lachhiwala), बाइक सवार ने टोल कर्मी महिला को मारी जोरदार टक्कर  

Next Post

मानसून सत्र : आप नेता संजय सिंह (sanjay singh) राज्यसभा से सस्पेंड, अब तक 24 विपक्षी सांसदों पर की गई कार्रवाई

मुख्यधारा संसद के मानसून सत्र में विपक्षी नेताओं पर अनुशासनहीनता पर कार्रवाई जारी है। मंगलवार को राज्यसभा से 19 विपक्षी सांसदों को सस्पेंड किया गया था। उससे पहले कांग्रेस के चार सांसदों को लोकसभा से निलंबित किया गया था। आज […]
1658914628644

यह भी पढ़े