यमकेश्वर: शैलेंद्र रावत ने किया नामांकन। महेंद्र राणा का समर्थन मिलने से मजबूत हुई कांग्रेस - Mukhyadhara

यमकेश्वर: शैलेंद्र रावत ने किया नामांकन। महेंद्र राणा का समर्थन मिलने से मजबूत हुई कांग्रेस

admin
IMG 20220128 WA0003

मुख्यधारा/यमकेश्वर

यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी शैलेंद्र रावत ने अपने समर्थकों के साथ आज नामांकन करा दिया है। आज पहली बार यमकेश्वर कांग्रेस मेें ऐसी एकजुटता दिखाई दी, जिसकी पार्टी को दरकार थी। इस सीट पर कांग्रेस के प्रबल दावेदार रहे महेंद्र राणा और उनकी पूरी टीम ने शैलेंद्र रावत को समर्थन मिलने से यमकेश्वर में कांग्रेस की स्थिति बेहद मजबूत हुई है।

बताते चलें कि शैलेंद्र रावत यमकेश्वर से बतौर कांग्रेस प्रत्याशी वर्ष 2017 का चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि यहां से तब जीत ऋतु खंडूड़ी को मिली थी। इस बार भाजपा प्रत्याशी के रूप में रेनू बिष्ट हैं, जो 2017 में निर्दलीय चुनाव लड़ी थी।

इससे पहले कांग्रेस यहां काफी कमजोर दिखाई दे रही थी, क्योंकि कांग्रेस के ही महेंद्र राणा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडऩे का मन बना चुके थे, किंतु ऐन चुनाव से पूर्व हाईकमान से हुए मान-मनोव्वल के बाद महेंद्र राणा ने कांग्रेस प्रत्याशी शैलेंद्र रावत को अपना समर्थन दे दिया है। अब सभी कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस को जिताने के लिए जुट गए हैं।

IMG 20220128 WA0023

वहीं नामांकन के अवसर पर शैलेंद्र रावत की भाव-भंगिमाएं बयां कर रही थी कि यमकेश्वर का रण इस बार नहीं जीत पाए तो फिर कभी नहीं!

IMG 20220128 WA0013

बताते चलें कि यमकेश्वर सीट पर उत्तराखंड गठन के बाद हुए चुनाव में लगातार चार बार से भाजपा प्रत्याशी को ही जीत मिलती रही है। इनमें पहले के तीन विधानसभाओं में विजय बड़थ्वाल विधायक बनकर विधानसभा पहुंची तो 2017 के चुनाव में भुवनचंद्र खंडूड़ी की पुत्री ऋतु खंडूड़ी विधायक बनी। इस बार यहां से भाजपा ने रेनू बिष्ट को प्रत्याशी बनाया है। जिनके सामने कांग्रेस के शैलेंद्र रावत मैदान में हैं।

बहरहाल, अब देखना यह होगा कि क्या कांग्रेस की टीम भाजपा के अभेद्य गढ़ को इस बार भेद पाने में सफल हो पाती है या नहीं!

Next Post

सियासत: ऐन चुनाव में लगा आम आदमी पार्टी को झटका

देहरादून की छह सीटों में से आप पार्टी ने गढ़वाली मूल के एक भी व्यक्ति को नहीं दिया टिकट: संजय भट्ट मुख्यधारा/देहरादून आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में पहाड़वासियों के प्रति कितनी समर्पित है, इसकी पोल स्वयं उनके पदाधिकारी व कार्यकर्ता […]
aap uttarakhand

यह भी पढ़े