सिलगोट जैसा आत्मनिर्भर पहाड़ चाहिए, तभी संवरेगी पहाड़वासियों की तस्वीर - Mukhyadhara

सिलगोट जैसा आत्मनिर्भर पहाड़ चाहिए, तभी संवरेगी पहाड़वासियों की तस्वीर

admin 1
FB IMG 1595694134109

विधायक मनोज रावत की कलम से

रुद्रप्रयाग। आज भिंगी- पल्द्वाड़ी गांव के सिलगोट तोक जो मक्कू और हुड्डू से आने वाली पहाड़ी नदियों के संगम पर बसा है , जाने का मौका मिला। पैदल दुर्गम रास्ते से बरसात में नदी के किनारे के गांव जाने तक, सभी पर दर्जन भर जोंकों का आक्रमण हो चुका था। कठिन सफर के बाद सिलगोट पहुंचते ही ऐसा लगा जैसे स्वर्ग में हों।
1952 – 1977 तक गांव के सभापति रहे पंडित भोला दत्त सेमवाल ने इस निर्जन जगह को पहाड़ के परिवार के लिए, खेती- किसानी के लिए जो सुविधायें चाहिए, उनसे सजाया-संवारा। घर, चौक, खेत, घराट हो या नहर वे बाहर से कुछ नहीं लाए, हर समान वहीं का लगाया।

FB IMG 1595694173804

मेरे साथ pmgsy सिंचाई खंड के 2 अभियंता भी गए थे, जो उनके द्वारा बनाई गई केवल पत्थरों की नहर, पानी की निकासी व्यवस्था जो 50 सालों बाद भी कोई रखरखाव नही मांगती है और जिससे थोड़ा भी पानी लीक नहीं होता है, देख कर चमत्कृत थे, जबकि सरकारी नहरों पर बनने और उसके बाद रखरखाव पर लाखों खर्च होने के बाद भी पानी नहीं चलता है।
पंडित भोला दत्त के जमाने में सिलगोट में 10-15 भैंस, उतनी ही गायें ओर बड़े सफेद बैल होते थे। हर तरह की खेती सिलगोट में होती थी, फल होते थे सब्जियां होती थी। सिलगोट में न केवल दूध-घी की नदियां बहती थी, बल्कि ये घर राजनीतिक-सामाजिक चेतना का केंद्र था। पूर्व विधायक पंडित गंगाधर मैठाणी के लिए ये दूसरा घर था।

FB IMG 1595694139085
भोला दत्त जी ने तब के दुर्गम गांव भिंगी-पल्द्वाड़ी में शिक्षा और स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना भी की।
फिर आया उनके पुत्रों का समय, जिनमें पंडित चंद्रशेखर केदारनाथ मंदिर में वेदपाठी थे और उनके 2 अनुज थे, ने आगे बढ़ कर 5 किलोवाट का घराट और mini hydyle लगाया, जो धान कूटने के साथ घर की जरूरत के लिए बिजली पैदा करता है। समय के अनुसार ओर सुविधाएं भी जोड़ी। सभी भाई नौकरी में थे, लेकिन गांव, खेती-किसानी और पशुपालन नही छोड़ा। दुर्भाग्यवश चंद्रशेखर जी 2013 की केदारनाथ जल विप्लव की भेंट चढ़ गए। पर उन्होंने और उनके भाइयों ने भी अपने पिता की परंपरा को आगे बढ़ाया।

FB IMG 1595694163225
अब नई पीढ़ी के युवाओं ने सिलगोट में मिनी ट्रैक्टर, थ्रैशर आदि मशीनें रखी हैं। उनकी बूढ़ी दादी, मां और नई बहू मिलकर न केवल इस इलाके में हर किस्म की खेती करती हैं, बल्कि आम से लेकर माल्टा तक उगाते हैं। 2 साहीवाल गउएँ भी हैं। अच्छा पढ़- लिख कर आगे बढ़ रही इस नई पीढ़ी को भी अपने पिता और दादा की तरह अपने गाँव से पूरा मोह है, इसे छोड़ना नहीं चाहते।
एक नेपाली भी 30-35 साल से इस परिवार का सदस्य है, बच्चों का चाचा है, बिना उसके इस घर की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
स्वर्गीय पंडित चंद्रशेखर की धर्मपत्नी कुसुम बताती हैं कि नमक और चीनी के अलावा वो कुछ नहीं खरीदते हैं, बल्कि लोगों को भी भरपूर देते हैं।
सिलगोट पूरी तरह से आत्मनिर्भर गांव है और सेमवाल परिवार आज भी कठिनाइयों के बावजूद भी अपने घर पर टिका है।
सिलगोट उत्तराखंड के लिए आदर्श मॉडल है। पड़े-लिखे, सम्पन्न और अपनी जड़ों से जुड़े परिवार का मॉडल।
एक ही जरूरत है इनकी सड़क से बहुत दूर हैं दुर्गम रास्ते से जान हथेली पर रख कर आना-जाना होता है।
इसी समस्या के समाधान के लिए आज मैं, ग्राम प्रधान, प्रताप सिंह रावत गुरुजी, श्री खत्री, उप प्रधान और pmgsy के अभियंता सिलगोट गए थे।
भगवान हमें इतनी शक्ति दें कि हम सेमवाल परिवार का दुख कुछ कम कर पाएं।

FB IMG 1595694149664

(लेखक केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं और उत्तराखंड के वरिष्ठ पत्रकार रहे हैं।)

यह भी पढ़ें :  बड़ी खबर : आज 244 नए कोरोना पॉजिटिव। 25 स्वास्थ्य कर्मी भी आए चपेट में

Next Post

गजब उत्तराखंड : जिस राज्य को तनख्वाह देने के लिए लेना पड़ता हो कर्ज, वहां मंत्री आवासों की साज-सज्जा पर करोड़ों कर दिए खर्च

मुख्यधारा ब्यूरो देहरादून। सुनने में अटपटा जरूर है, लेकिन यह सौ फीसदी सच है कि जिस राज्य में अपने कर्मचारियों की तनख्वाह देने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा हो, उस राज्य में मंत्रियों के आवासों की साज-सज्जा और […]
uttarakhand

यह भी पढ़े