दु:खद खबर द्वारीखाल : किनसुर ग्रामसभा में उपप्रधान यशवंत सिंह के पुत्र को गुलदार ने बनाया निवाला। ग्रामीणों में खौफ - Mukhyadhara

दु:खद खबर द्वारीखाल : किनसुर ग्रामसभा में उपप्रधान यशवंत सिंह के पुत्र को गुलदार ने बनाया निवाला। ग्रामीणों में खौफ

admin
IMG 20210702 WA0001

प्रमुख महेंद्र राणा ने वन विभाग से की आदमखोर गुलदार को तत्काल मारने के आदेश जारी करने की मांग

द्वारीखाल/मुख्यधारा

विकासखंड द्वारीखाल से बड़ी दु:खद खबर सामने आ रही है। यहां ग्राम पंचायत किनसुर के बागी गांव से उपप्रधान यशवंत सिंह के पुत्र की गुलदार के हमले से मौत हो गई है। इस दु:खद खबर से क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है और ग्रामीण खौफजदा हैं।

किनसुर ग्राम पंचायत के प्रधान दीपचन्द शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त घटना गत देर सायं की है। व्यासघाट से सतपुली की ओर मतोली तोक में गत शाम को झाडिय़ों में छिपे हुए गुलदार ने ग्राम बागी निवासी उप प्रधान यशवंत सिंह के छोटे पुत्र पृथ्वी चन्द(28) पर हमला करते हुए झाडिय़ों में खींचकर ले गया। सूचना पर ग्रामीणों की मदद से रात्रि में मृतक के शव को बरामद कर लिया गया। जिसके बाद गांव में कोहराम मच गया। यह घटना कोट ब्लॉक क्षेत्र में घटित हुई।

घटनास्थल पर राजस्व विभाग, वन विभाग, कोट, पौड़ी एवं ग्राम प्रधान किनसुर दीपचन्द शाह, प्रधान नौगांव, संजय बिष्ट सहित ग्रामीण मौजूद थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए पौड़ी ले जाया जा रहा है।

प्रधान दीपचन्द शाह ने वन विभाग से जल्द से जल्द आदमखोर गुलदार को पकडऩे की मांग की है। साथ ही उन्होंने पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने किनसुर ग्रामसभा क्षेत्र व व्यासघाट क्षेत्र के आस-पास वन विभाग की टीम से गश्त लगाने की भी मांग की है।

IMG 20210702 WA0007

प्रधान ने बताया कि इस घटना के बाद किनसुर ग्रामसभा क्षेत्रवासी समेत नौगांव क्षेत्रवासियों में भी भारी खौफ है। यदि जल्द आदमखोर को नहीं पकड़ा गया तो वह इस तरह की अन्य घटना को अंजाम दे सकता है। बागी व व्यासघाट के ग्रामीण इस घटना के बाद डरे-सहमे हैं। ग्रामीणों ने भी मांग की है कि आदमखोर को जल्द पकड़ा जाए।

द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह राणा ने इस दु:खद घटना पर गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वह पीडि़त परिवार के साथ खड़े हैं। श्री राणा ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं की हमेशा आशंका बनी रहती है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि आदमखोर गुलदार को तत्काल मारने के आदेश दिए जाएं, जिससे ग्रामीणों की रक्षा हो सके। उन्होंने कहा कि पीडि़त गरीब परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।

यह भी पढें : बड़ी खबर : उत्तराखंड में पटवारी/लेखपाल भर्ती में बढ़ाई पदों की संख्या। ये हुआ संशोधन

यह भी पढें : कोरोना अपडेट : आज 124 नए संक्रमित व स्वस्थ हुए 244। अब 1966 कुल सक्रिय मरीज

Next Post

Health : अब भी नहीं चेते तो खतरनाक होगी कोविड की तीसरी लहर। फेफड़ों के लिए ज्यादा घातक है कोरोना का ’डेल्टा प्लस वेरिएंट’

कोविड नियमों की अनदेखी करने पर फिर बिगड़ सकते हैं हालात  ऋषिकेश/मुख्यधारा कोविड गाइडलाइन के पालन को लेकर यदि लोग अब भी लापरवाह बने रहे तो कोरोना का ’डेल्टा वेरिएंट’ तीसरी लहर का कारण बन सकता है। इन हालातों में […]
IMG 20210702 WA0032

यह भी पढ़े