जीएसटी कम होने के बाद ऑटो सेक्टर में धूम, देश भर में कार खरीदने के लिए ग्राहकों की उमड़ी भीड़
मुख्यधारा डेस्क
नवरात्रि के पहले दिन यानि सोमवार से जीएसटी घटने के बाद बाजारों में धूम है। सबसे ज्यादा ऑटो सेक्टर बाजार में भारी भीड़ उमड़ी। वैसे भी त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है देशवासी इन दिनों नई गाड़ी परचेज करते हैं। इसके साथ ही कई चीजें सस्ती हो गई हैं। इनमें खाने-पीने की चीजों के अलावा कार, टीवी और बाइक शामिल हैं।
छोटी कारें पहले 28% जीएसटी लगता था, पर अब 18% लगेगा । मोटरसाइकिलों पर पहले 28% जीएसटी लगता था, पर अब 18% लगेगा। अधिकांश कंपनियों की गाड़ी 50000 से लेकर करीब डेढ़ लाख रुपए तक सस्ती हुई हैं।
त्योहारी सीजन में लोग इन चीजों की जमकर खरीदारी करते हैं। सोमवार से नई जीएसटी दरें लागू होने के बाद ऑटो डीलरशिप पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गई खासकर छोटी कारों की खरीदारी में तेजी आई। नवरात्रि के पहले दिन हुंडई ने 11000 यूनिट्स की रिकॉर्ड डीलर बिलिंग की जबकि मारुति सुजुकी ने 30000 कारों की डिलीवरी की। ब्रोकरेज फर्मों के अनुसार मारुति सुजुकी और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में तेजी की संभावना है।
हुंडई मोटर इंडिया ने नवरात्रि के पहले दिन 11,000 डीलर बिलिंग दर्ज की, जो पिछले पांच वर्षों में उसका बेस्ट सिंगल-डे परफॉर्मेंस रहा। कंपनी ने आगे भी त्योहारी मांग जारी रहने की उम्मीद है।
वहीं मारुति सुजुकी ने नवरात्रि के पहले दिन करीब 30,000 कारों की डिलीवरी की और 80,000 इंक्वारी दर्ज की। ये दिखाता है कि लोग जीएसटी रेट और फेस्टिव सीजन का इंतजार कर रहे थे। ऑटो कंपनियों की सेल्स बढ़ने से इन कंपनियों के शेयरों को भी फायदा होगा।
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी के अधिकारी पार्थो बनर्जी ने बताया कि कंपनी ने सोमवार को एक दिन में सबसे ज्यादा गाड़ियां बेचने का रेकॉर्ड बना लिया। छोटी कारों की बिक्री बहुत ज्यादा हुई। कंपनी ने जीएसटी रेट कम होने के बाद कारों की कीमत में कटौती की है।
पार्थो बनर्जी ने कहा कि हमने अब तक लगभग 25,000 गाड़ियां बेची हैं। इस उछाल के पीछे मुख्य कारण जीएसटी दरों में बदलाव, त्योहारों की खरीदारी और नए वाहनों के मुकाबले पुरानी कारों की कम कीमत है। लोग अब नई कारों की ऊंची कीमतों और लंबे इंतजार से बचकर पुरानी कारों को अपना रहे हैं। इससे यह मार्केट बड़ा विकल्प बन गया है।
दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, अहमदाबाद और बेंगलुरु में खूब हुई कार की बिक्री
जीएसटी घटना के बाद पहले दिन एंट्री-लेवल हैचबैक और कॉम्पैक्ट एसयूवी जैसी कारें सबसे ज्यादा पसंद की गईं। खासकर दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों में इनमें खूब बिक्री हुई। घरेलू वाहनों की बिक्री में लचीलापन, उपभोक्ताओं विश्वास में सुधार और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) को अपनाने में सरकारी प्रोत्साहन से सेल्स बेहतर होगी, जिससे कंपनियों के फाइनेंशियल नतीजे सुधरेंगे और इसका असर शेयर पर भी पड़ेगा।
एक्सपर्ट्स मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स जैसे ऑटोमोबाइल शेयरों में तेजी की उम्मीद जता रहे हैं। इनमें टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा आकर्षक वैल्यूएशन वाले स्टॉक्स बताए जा रहे हैं, जो इनकी इलेक्ट्रिक वाहनों की पाइपलाइन और एसयूवी में बढ़ती बाजार हिस्सेदारी के कारण संभव हुआ है।
बीजेपी ने सोमवार को कहा कि विभिन्न वस्तुओं पर जीएसटी की कम दरों से लोगों में ‘खुशी की लहर’ दौड़ गई है। पार्टी ने जीएसटी सुधारों की आलोचना करने पर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उसके नेतृत्व वाली सरकार के दौरान उन्हीं उत्पादों पर उच्च कर दरों का हवाला दिया।
जीएसटी पर कांग्रेस के ‘गब्बर सिंह टैक्स’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस की सरकार के दौरान बहुत अधिक दरों का हवाला देते हुए आश्चर्य जताया कि क्या इतना भारी कराधान ‘गब्बर सिंह के बड़े दादा’ जैसा था।
वहीं पीएम मोदी ने जीएसटी को लेकर एक चिट्ठी लिखी है। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि जीएसटी में बदलाव लागू होने से देश में उत्सव की शुरूआत हो गई है, जिससे किसान, युवा, महिला, गरीब, मध्यम वर्ग और व्यापारी को फायदा होगा। उन्होंने लिखा, “मुझे देखकर अच्छा लगा कि दुकानदार पहले और अब का बोर्ड लगाकर नए दाम बता रहे हैं।” उन्होंने लिखा कि 12 लाख तक की आय पर अब कोई आयकर नहीं है और जीएसटी छूट मिला दें तो इससे हर साल देशवासियों के 2.5 लाख करोड़ रुपये बचेंगे।


