वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 30 हुई, रेस्क्यू अभियान जारी, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
मुख्यधारा डेस्क
जम्मू में वैष्णो देवी मार्ग में मंगलवार को हुई लैंडस्लाइड की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। इस हादसे में मौत का आंकड़ा और बढ़ने की आंशका जताई गई है। प्रदेश में लगातार जारी भारी बारिश ने तबाही मचाई हुई है।
इसके कारण मोबाइल टावरों को नुकसान हुआ है। पुल ढह गए हैं और बुनियादी ढांचों को भी काफी क्षति हुई है। लगातार भारी बारिश ने न केवल जम्मू में बल्कि कश्मीर घाटी में भी तबाही मचाई। बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा, पुल ढह गए और मोबाइल टावर और बिजली के खंभे टहनियों की तरह टूट गए। अचानक बाढ़ और भूस्खलन के मद्देनजर वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा स्थगित कर दी गई। रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर मंगलवार करीब तीन बजे भूस्खलन हुआ। एसएसपी रियासी परमवीर सिंह ने बताया कि लैंडस्लाइड की चपेट में आने से अब तक 30 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव दल जुटे हुए हैं और कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि भूस्खलन कटरा शहर से पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक 12 किलोमीटर के घुमावदार रास्ते के लगभग बीच में हुआ। जम्मू में मंगलवार को 11:30 से 5:30 बजे तक 6 घंटे में 22 सेमी बारिश हुई, जो अब तक की सबसे ज्यादा थी। आधी रात के बाद बारिश घटी।
जम्मू समेत कई जिले बाढ़ से प्रभावित, राहत बचाव कार्य जारी
झेलम नदी का जलस्तर 22 फीट पार करने पर दक्षिण कश्मीर में बाढ़ अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू शहर, आरएस पुरा, सांबा, अखनूर, नगरोटा, कठुआ, उधमपुर समेत कई इलाके बुरी तरह प्रभावित हैं। रियासी, रामबन, डोडा, कटरा, बनिहाल और आसपास हल्की बारिश जारी है। राहत बचाव में जुटी एजेंसियों ने अभी तक सिर्फ जम्मू जिले में 3500 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है। पूरे जिले में बचाव शिविर और रिलीफ कैंप बनाए गए हैं। ज्यादातर बचाए गए लोगों को जम्मू के यूथ हॉस्टल में रखा गया है। सेना पूरे इलाके को तीन हिस्सों में बांट कर लोगों को बचा रही है। एक टीम आर्धकुमारी, एक टीम कटरा-ठक्कड़ कोट रोड और एक टीम जौरियन में काम कर रही है। मौसम विभाग ने पहले ही यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी थी। जिला प्रशासन और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करें। उधर मंगलवार को ही जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भी भारी बारिश ने तबाही मचाई। वहां अचानक आई बाढ़ में 4 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 2 लोगों की मौत बाढ़ में बह जाने से हुई, जबकि 2 अन्य की मौत का कारण भी भारी बारिश ही रहा। पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश ने जम्मू संभाग के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति को और बिगाड़ दिया है।


